baghel statement on yogi government-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

किसानों के सर्वागीण विकास के लिए योगी सरकार गंभीर: बघेल

khaskhabar.com: मंगलवार, 30 मई 2017 10:24 PM (IST)
किसानों के सर्वागीण विकास के लिए योगी सरकार गंभीर: बघेल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लघु सिंचाई मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के सर्वागीण विकास के लिए पूरी तरह गंभीर है। सरकार ने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेक कदम उठाए हैं ताकि किसानों के जीवन स्तर में वांछित सुधार आ सके। उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं को किसानों तक बेहतर ढंग से पहुंचाने में डिप्लोमा इंजीनियर्स की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। बघेल ने यहां पी.डब्ल्यू.डी. के विश्वेश्वरैया भवन में लघु सिंचाई विभाग के डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के दो दिवसीय 20वें महाधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा, "लोकतंत्र में किसी भी समस्या का हल एक साथ बैठकर ही निकाला जा सकता है। मैं कभी कंफ्यूज नहीं रहता। मंत्री न कहे और अधिकारी हां कहे, तो कोई समस्या ही नहीं रहेगी।" बघेल ने कहा कि माफियागीरी, ठेकेदारी और ब्लैकलिस्टेड कंपनियों पर सरकार के शिकंजा कसने के कारण विभाग में काम हो रहा है। बघेल ने अभियंताओं से अपेक्षा की कि वे निष्पक्ष होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें और किसी भी दबाव में कार्य न करें। लघु सिंचाई मंत्री ने गिरते भूजल स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इंजीनियरों को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि वर्षाकाल के समय जल का अधिकाधिक संरक्षण हो सके और जरूरत पड़ने पर किसान उनका उपयोग कर सकें।
मंत्री ने कहा कि अब वे स्वयं डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से बैठक करेंगे और विभाग को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएंगे। उन्होंने डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ द्वारा दिए गए 21 सूत्रीय ज्ञापन पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति दृढ़ संकल्प है और डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ की सभी जायज मांगों पर सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
उन्होंने संघ को आश्वस्त किया कि पदोन्नति के रुके हुए मामले पर जल्दी ही निर्णय लेकर पदोन्नति के रास्ते खोले जाएंगे।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement