Assistant Engineer Office of Vidyut Vitran Nigam to be opened in Batadu, Energy Minister announced-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बाटाडू में खुलेगा विद्युत वितरण निगम का सहायक अभियन्ता कार्यालय, ऊर्जा मंत्री ने की घोषणा

khaskhabar.com: मंगलवार, 18 जून 2024 9:20 PM (IST)
बाटाडू में खुलेगा विद्युत वितरण निगम का सहायक अभियन्ता कार्यालय, ऊर्जा मंत्री ने की घोषणा
जयपुर। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर बाड़मेर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के बाटाडू में आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय के उदघाटन समारोह में भाग लिया। नागर ने विद्यालय के निर्माण में योगदान देने वाले भामाशाहों का अभिनंदन करते हुए विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता की सराहना की। विद्यालय का कार्य विद्या प्रदान करने के साथ साथ विद्यार्थियों में राष्ट्र एवं समाज की सेवा करने का भाव उत्पन्न करना भी है। राष्ट्र की उन्नति एवं विकसित देश बनाने का सपना इसी से साकार हो सकता है। उन्होंने कहा कि बाड़मेर के लोगों जितनी जीवटता कहीं नहीं मिलती। अपने परिश्रम से बाड़मेर के निवासियों ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने बाटाडू में जोधपुर विद्युत वितरण निगम का सहायक अभियन्ता कार्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बिजली कनेक्शन से वंचित लोगो को कनेक्शन देने हेतु सौभाग्य योजना, दीन दयाल उपाध्याय योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं शुरु की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इन योजनाओं को उचित रुप में लागू कर वंचित लोगों को कनेक्शन दिए जायेंगे।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बिजली उत्पादन क्षमता में वृद्धि के साथ आमजन को सुचारू बिजली आपूर्ति की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में 2 लाख 25 हजार करोड़ रुपए की बिजली उत्पादन के एमओयू केंद्र सरकार के निगमों के साथ हस्ताक्षरित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जल्द ही राजस्थान बिजली बेचने वाला अग्रणी राज्य बनेगा तथा ऊर्जा की प्रचुर उपलब्धता से क्षेत्र में औद्योगिकरण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सौर उर्जा को बढ़ावा देने हेतु निरंतर फैसले ले रही है। इसी क्रम में सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए तीन बड़े प्रोजेक्टस के लिए भूमि आवंटन को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य मैं सौर ऊर्जा उत्पादन को 21000 मेगावॉट से बढ़ाकर 32000 मेगावॉट करने की व्यवस्था की गई है।
उदघाटन समारोह में पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि भामाशाहों तथा ग्रामवासियों के सहयोग से विद्यालय का भव्य भवन बनकर तैयार हुआ है। शिक्षा रोजगारपरक होने के साथ साथ संस्कार प्रदान करने वाली भी होनी चाहिए।
कार्यक्रम में विधायक चौहटन आदुराम मेघवाल, मोहनलाल जोशी, स्वरूपसिंह खारा, बालाराम मूंड सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, भामाशाह, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement