Announcement of Chandigarh Municipal Corporation Election Schedule Likely on Friday-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव कार्यक्रम का ऐलान शुक्रवार को संभव, विजय देव करेंगे घोषणा

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 4:31 PM (IST)
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव कार्यक्रम का ऐलान शुक्रवार को संभव, विजय देव करेंगे घोषणा
चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के कार्यक्रम का ऐलान शुक्रवार को हो सकता है। राज्य चुनाव आयुक्त डॉ. विजय देव, जो चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार रह चुके हैं, वीरवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने की संभावना है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही शहर में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी।राज्य चुनाव आयुक्त की बैठक में मतदान केंद्रों की स्थिति, चुनावी स्टाफ की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान से लेकर मतगणना तक की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। आयोग का प्रयास है कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित समय में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। नगर निगम के सभी 35 वार्डों में 20 से 24 दिसंबर के बीच मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। वर्ष 2021 में नगर निगम चुनाव 24 दिसंबर को हुए थे। निगम का मौजूदा कार्यकाल 7 जनवरी 2027 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में नए सदन के गठन के लिए कार्यकाल समाप्त होने से पहले चुनाव करवाने की तैयारी है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही नामांकन, नाम वापसी, मतदान और मतगणना की तारीखें भी स्पष्ट हो जाएंगी।
नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर राज्य चुनाव आयोग ने वीरवार को प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष कार्यशाला भी बुलाई है। सेक्टर-6 स्थित यूटी स्टेट गेस्ट हाउस के कॉन्फ्रेंस हॉल में होने वाली इस कार्यशाला में राज्य चुनाव आयुक्त डॉ. विजय देव अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी देंगे। आयोग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, कार्यशाला में चुनाव प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा होगी। इस दौरान आयोग की ओर से शुरू की जा रही आईटी पहलों पर भी प्रस्तुति दी जाएगी। अधिकारियों को नगर निगम चुनाव चंडीगढ़ मोबाइल एप के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस एप के जरिये चुनाव प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, सटीक और सुविधाजनक बनाने की योजना है।
कार्यशाला में जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी, पुलिस विभाग, नगर निगम और चंडीगढ़ प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है।
उधर, राज्य चुनाव आयोग नगर निगम के सभी 35 वार्डों के मतदान केंद्रों की ड्राफ्ट सूची पहले ही जारी कर चुका है। यह सूची चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र की मतदाता सूची के उस हिस्से के आधार पर तैयार की गई है, जो नगर निगम के संबंधित वार्डों में आता है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद चंडीगढ़ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की थी। नगर निगम चुनाव की तैयारियों में इसी सूची को आधार बनाया गया है।
एसआईआर के बाद शहर में करीब 4.60 लाख मतदाता रह गए हैं। इन्हीं मतदाताओं के आधार पर सभी 35 वार्डों में मतदान केंद्रों की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन की प्रक्रिया अभी जारी रहेगी। आयोग के अनुसार, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 22 और 23 के तहत 22 सितंबर 2026 के बाद मतदाता सूची में किए गए संशोधन और जोड़े गए नए नाम भी संबंधित वार्ड की मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। यह प्रक्रिया चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि तक जारी रहेगी।
चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वार्डों में संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद शहर की राजनीतिक गतिविधियों में और तेजी आने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement