Ajmer Dargah Buzzes with Urs Festivities, Sufi Melodies Resonate, Friday Prayers to be Held, CM Chaddar to be Offered-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:27 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अजमेर दरगाह में उर्स की रौनक, सूफियाना कलाम से गूंजा परिसर, जुमे की नमाज, CM की चादर होगी पेश

khaskhabar.com: शुक्रवार, 26 दिसम्बर 2025 10:33 AM (IST)
अजमेर दरगाह में उर्स की रौनक, सूफियाना कलाम से गूंजा परिसर, जुमे की नमाज, CM की चादर होगी पेश
अजमेर। अजमेर शरीफ दरगाह में हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती के 814वें उर्स की रौनक पूरे शबाब पर है। दरगाह परिसर और आसपास के इलाकों में सूफियाना कलाम की गूंज सुनाई दे रही है। देश-विदेश से आए जायरीन मजार शरीफ पर मखमली चादरें और गुलाब के फूल पेश कर अमन-चैन की दुआएं मांग रहे हैं। आज जुमे की नमाज के चलते दरगाह में विशेष भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दरगाह परिसर, कायड़ विश्राम स्थली और आसपास के क्षेत्रों में जायरीनों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। सीएम की चादर, कल कुल की रस्म
आज शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से दरगाह में चादर पेश की जाएगी। यह चादर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल द्वारा शाम करीब 5 बजे पेश की जाएगी। इस दौरान बुलंद दरवाजे से मुख्यमंत्री का संदेश भी पढ़ा जाएगा।
शनिवार को कुल की रस्म अदा की जाएगी, जिसके बाद जन्नती दरवाजा बंद कर दिया जाएगा और इसी के साथ 814वें उर्स का समापन होगा।
हर ओर आस्था का सैलाब
दरगाह परिसर में जियारत के लिए लंबी कतारें लगी हैं। जन्नती दरवाजा, मजार शरीफ और कायड़ विश्राम स्थली पर जायरीनों की भारी भीड़ देखी जा रही है। उर्स के दौरान छह दिनों तक जन्नती दरवाजा खोला जाता है, जहां श्रद्धालु बड़ी अकीदत के साथ हाजिरी लगाते हैं।
सूफियाना रंग में रंगा अजमेर
पूरे शहर में रूहानियत का माहौल है। दरगाह से उठती इबादतों की आवाज, गुलाब की खुशबू और सूफियाना कलाम अजमेर को आध्यात्मिक रंग में रंगे हुए है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement