हैरानी की बात यह रही कि पुलिस ने मौके पर आ रही बीडीएस की टीम को रास्ते से ही लौटा दिया। लंगड़े की चौकी क्षेत्र में दोपहर 12:45 बजे सब्जी मंडी के पास नाले के रास्ते पर एक सूटकेस रखा हुआ था। लोगों ने सूटकेस में किसी तरह की संदिग्ध वस्तु होने का अंदेशा जताया। सूचना पर हरीपर्वत पुलिस आ गई। सूटकेस कुछ खुला हुआ था। इस पर पुलिस कर्मियों ने एक युवक से उसे खोलने को बोल दिया। पुलिसकर्मी पीछे हट गए।
युवक को आगे कर दिया। उसने इसे खोला तो उसमें कागजात निकले। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ भी लग गई। बीडीएस को रास्ते से लौटा दिया गया। पुलिस ने जानकारी की तो सूटकेस विजय नगर कालोनी निवासी चंद्रभान शर्मा का निकला। उन्हें फोन पर जानकारी दी गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह सुबह कमला नगर गए थे। सूटकेस उनकी स्कार्पियो में रखा था। चोर ने शीशा तोड़कर चोरी किया था।