ACB Jhunjhunu reconstructed record including 10 places-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:06 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

एसीबी ने खंगाला झुंझुनूं सहित 10 जगहों पर रिकॉर्ड

khaskhabar.com: गुरुवार, 15 सितम्बर 2016 10:35 PM (IST)
एसीबी ने खंगाला झुंझुनूं सहित 10 जगहों पर रिकॉर्ड
झुंझुनूं। पीएचईडी पर इनदिनों एसीबी की टेढी नजर है। कभी इनके इंजीनियर एसीबी के हत्थे चढ़ रहे है तो कभी खरीद घोटाले सामने आ रहे हैं। अब 2012-13 में खरीदे गए दो हजार से अधिक पंप सैट और उसके केबल आदि खरीद घोटाले में एसीबी ने अपना शिकंजा कस लिया हैं। इस घोटाले में रिकॉर्ड को खंगालने के लिए गुरुवार को एक साथ प्रदेश के 10 जगहों पर एसीबी की टीमों ने दबिश दी और रिकॉर्ड को जब्त किया। झुंझुनूं में सीकर सीआई हजारीलाल खटाना के नेतृत्व में रिकॉर्ड खंगाला गया। इसके अलावा सीकर के नीमकाथाना, नागौर के लाडनूं, सवाईमाधोपुर, जयपुर के चीफ इंजीनियर कार्यालय व पंप सैट की सप्लाई करने वाली चार कंपनियों के दफ्तरों में एसीबी ने अपनी कार्रवाई की। झुंझुनूं आए सीकर एसीबी के सीआई हजारीलाल खटाना ने झुंझुनूं कार्यालय की टीम के साथ घंटों तक पीएचईडी कार्यालय में रिकॉर्ड खंगाला और पंप सैट से जुड़े दस्तावेज जब्त किए। एसीबी की कार्रवाई के बाद पूरे महकमे में हडक़ंप मचा रहा। जांच में रिजेक्ट, फिर भी सप्लाई सूत्रों की मानें तो एसीबी को शिकायत मिली थी कि 2012-13 में दो हजार से अधिक समबर्सिबल पंप और केबल आदि की खरीद चार कंपनियों से की गई थी। जब कंपनियों ने सामान की सप्लाई की और उसकी जांच की तो सभी रिजेक्ट कर दी गई। लेकिन अधिकारियों ने कंपनियों के साथ मिलीभगत कर जांच रिपोर्ट को दबा दिया और प्रदेश के कई कार्यालयों में इन पंप सैटों को वितरण कर दिया। जिसमें झुंझुनूं, नीमकाथाना, लाडनूं और सवाई माधोपुर भी शामिल हैं। इस शिकायत के बाद एसीबी मेंपरिवाद दर्ज हुआ और एसीबी ने इसकी जांच शुरू कर दी हैं।
कंपनियों की आपसी लड़ाई असली जड़
इस बात में कोई दो राय नहीं है कि इस मामले में भ्रष्टाचार की बू आ रही है। लेकिन असल जड़ कंपनियों की आपसी लड़ाई है। जानकार सूत्रों की मानें तो पंप सैट वितरण करने वाली एक कंपनी की पिछले दिनों जांच हुई थी। जिसके बाद उस कंपनी ने इन चार कंपनियों एग्रोफेब, वर्धमान, प्रताप इलेक्ट्रिकल तथा फोगाल के खिलाफ यह शिकायत कर डाली। शिकायत करने वाले कई ठोस सबूत और कागजात भी एसीबी को दिए हैं। जिसके बाद एसीबी ने इतना बड़ा कदम उठाया।

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement