जालंधर। पंजाब में चुनाव नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा करना शुरू कर दिया है। साथ ही उम्मीदवारों ने जनता के बीच उनकी समस्याओं के प्रति आवाज बुलंद करनी भी शुरू कर दी है। दूसरी ओर पार्टी से नाराज कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी पार्टी आलाकमान के खिलाफ भड़ास भी निकालने में लगे हैं। इसी दिशा में शनिवार को आम आदमी पार्टी के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने देशभगत यादगार हाॅल में पार्टी आलाकमान अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और उनका पुतला फूंका। एक तरफ आम आदमी पार्टी पंजाब में सरकार बनाने की तैयारी के साथ जीत का दावा कर रही है। वहीं लगभग रोजाना ऐसी नाराजगी और बगावती तेवर के चलते आप की जीत पर भी संशय हो रहा है। शनिवार को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपनी पार्टी के नेताओं पर ही गुंडागर्दी, महिलाओं का शोषण करने, जात पात, कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने जैसे इल्जाम लगाए। उन्होंने कहा की पार्टी ने अब तक 91 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। जिनमें से 59 उम्मीदवार इस पद के लायक नहीं हैं। नवांशहर से आए मंजीत सिंह मोहाली ने कहा कि वो पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस से गुजारिश करते हैं कि आम आदमी पार्टी की तरफ से पंजाब में लगाए गए संजय सिंह और दुर्गेश पाठक सहित 52 लोगों की आईडी जनतक करें और इन पर नजर रखें।
खास खबर Exclusive : लुटेरे की इस गैंग के शातिर तरीके से अफसर भी खा गए धोखा