A greenfield airport could be built at Pala between Bharatpur and Deeg. District Collector Mayank Manish has given instructions for land identification.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 7:21 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भरतपुर-डीग के बीच पला में बन सकता है ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने दिए भूमि चिन्हीकरण के निर्देश

khaskhabar.com: गुरुवार, 09 अप्रैल 2026 12:00 PM (IST)
भरतपुर-डीग के बीच पला में बन सकता है ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने दिए भूमि चिन्हीकरण के निर्देश
खास खबर। डीग डीग और भरतपुर जिले के लोगों के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार डीग-भरतपुर के बीच में पला हवाई पट्टी को ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाश रही है। अगर ऐसा हुआ तो दिल्ली और आगरा के मध्य राजस्थान में इस क्षेत्र का यह पहला एयरपोर्ट होगा। अभी इस क्षेत्र के लोगों को दिल्ली अथवा आगरा जाकर फ्लाइट पकड़नी होती है। ये दोनों ही स्थान दो से ढाई घंटे की दूरी पर हैं।
राज्य सरकार की महत्वपूर्ण बजट घोषणाओं के त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन के क्रम में जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने गुरुवार को कुम्हेर पंचायत समिति के अंतर्गत पला हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वर्तमान हवाई पट्टी की भूमि का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन और संबंधित नक्शों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने वित्तीय वर्ष 2025-2026 की बजट घोषणा के तहत हवाई पट्टी के विकास हेतु प्रस्तावित 73 हेक्टेयर भूमि के संबंध में अधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने इस परियोजना के लिए अब तक तैयार किए गए बजट अनुमानों और अन्य तकनीकी व प्रशासनिक पहलुओं की बारीकी से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उल्लेखनीय है कि बजट वर्ष 2026-2027 में क्षेत्र के समग्र विकास और हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक सर्वसुविधायुक्त ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाए जाने की घोषणा की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए जिला कलेक्टर ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पला हवाई पट्टी के आस-पास के क्षेत्रों में 400 से 500 हेक्टेयर उपयुक्त भूमि का त्वरित चिन्हीकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को आस-पास के गांवों का सघन मौका-मुआयना कर भूमि अधिग्रहण के संबंध में एक विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट अविलंब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विमानन सुरक्षा और तकनीकी मानकों को प्राथमिकता देते हुए, जिला कलेक्टर ने निर्देशित किया कि नवीन एयरपोर्ट के लिए भूमि का चयन करते समय हाई-टेंशन विद्युत लाइनों, पहाड़ियों तथा अन्य किसी भी प्रकार की भौगोलिक बाधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि भविष्य में विमानों के आवागमन में कोई तकनीकी अड़चन उत्पन्न न हो।
उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए सभी आवश्यक विमानन मापदंडों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही एक प्रामाणिक एवं विस्तृत मानचित्र तैयार करें। इस दौरान कुम्हेर उपखंड अधिकारी श्रेष्ठाश्री, तहसीलदार कुम्हेर भरतलाल बंसल, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग पवन सोलंकी सहित राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement