बठिंडा। जाली दस्तावेज तैयार कर जेल में बंद आरोपियों की जमानत करवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुये थाना केनाल पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एसएसपी स्वपन शर्मा ने दी।
थाना केनाल पुलिस ने जिन सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें पवन कुमार पुत्र बाबू राम, प्रकाश सिंह पुत्र जगीर सिंह, बूटा सिंह पुत्र गुरमेज सिंह निवासी बठिंडा, मक्खन सिंह पुत्र बंत सिंह, जंग ध्यान सिंह पुत्र बंत सिंह गुरदेव सिंह पुत्र कर्म सिंह निवासी कोटशमीर व शेर सिंह पुत्र गुरनाम सिंह निवासी सिवियां शामिल हैं। इनसे 16 जाली आधार कार्ड, 3 मोहरें, 1 जाली एम सी कार्ड, 9 जाली फर्द बरामद हुई हैं। इनके दो साथी सीमा पत्नी कैलाश निवासी नरूआना रोड बठिंडा व केवल निवासी बठिंडा की गिरफ्तारी बाकी है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी अपने असली पतों की वजाय नकली पतों पर अपनी फोटो लगा कर जाली पहचान पत्र , जाली फर्द तथा जाली दस्तावेज तैयार करवा कर जेल में बंद आरोपियों की जमानतें करवाते थे। इसके बदले वह 5 हजार से लेकर 15 हजार रूपये तक वसूल करते थे। पूलिस सूत्रों अनुसार अब तक यह आरोपी सैंकड़े लोगों की जमानतें करवा चुके हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।