53.05 percent voters cast their votes in the Lok Sabha general elections in the district.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 27, 2026 10:59 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लोकसभा आम चुनाव के अंतर्गत जिले में 53.05 फीसदी मतदाताओं ने डाले वोट

khaskhabar.com: शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024 8:05 PM (IST)
लोकसभा आम चुनाव के अंतर्गत जिले में 53.05 फीसदी मतदाताओं ने डाले वोट
-जिलेभर में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम धौलपुर। लोकसभा के गठन के लिए हो रहे चुनाव में शुक्रवार को करौली-धौलपुर संसदीय क्षेत्र पर में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। देर शाम प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में लगभग 53.05 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान सुरक्षा के माकूल इंतजाम रहे तथा पुलिस, आरएसी एवं अर्धसैनिक बलों ने मोर्चा संभाला। मतदान में बुजुर्ग तथा युवाओं ने भी काफी उत्साह से भाग लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इन्फेन्ट स्कूल मतदान केन्द्र पर पहला वोट
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने मतदान केन्द्र इन्फेन्ट राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धौलपुर पर अर्ली वोटर बनकर लोकतंत्र में भागीदारी का संदेश दिया। उन्होंने ठीक सुबह 7 बजे मतदान प्रारम्भ होते ही प्रथम वोट किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन के दायित्वों के साथ लोकतंत्र के कर्मठ मतदाता के रूप में भूमिका निभाई।
क्षेत्र भ्रमण कर रखी मतदान प्रक्रिया पर नजर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महाराणा स्थित मतदान केन्द्र का निरीक्षण किया। मतदान केन्द्र रजौरा में बहिष्कार की खबर पर गा्रमीणों से समझाइश कर पुनः मतदान शुरू कराया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के साथ क्षेत्र भ्रमण किया और शान्तिपूर्ण मतदान हेतु मतदान प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी। इस दौरान उन्होंने वेबकास्टिंग के जरिये भी जिले के लगभग आधे मतदान केन्द्रों पर दृष्टि बनाये रखी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने स्वयं संभाला मोर्चा
चप्पे-चप्पे पर सैनिक बलों की टुकड़ियों एवं पुलिस के जवानों की तैनाती
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने जिले में शान्तिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिए स्वयं हर व्यवस्था सहित सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी बनाये रखी। राजस्थान पुलिस और आरएसी के अलावा अर्ध सैनिक बलों की टुकड़ियों ने सुरक्षा की कमान संभाली। मतदान केन्द्रों पर बीएलओ की तैनाती की गई थी। मतदान से पूर्व पर्दानशी महिलाओं की पहचान के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भी तैनाती की गई।
समय दर समय यूं रहा मतदान प्रतिशत
जिलेभर में 9 बजे तक 11.02 प्रतिशत

9 बजे तक 97 हजार 474 मतदाताओं ने मतदान किया। जिले में पंजीकृत 8 लाख 84 हजार 360 मतदाताओं में से बसेड़ी में 2 लाख 4 हजार 554 में से 21 हजार 630 मतदाताओं सहित 10.57 प्रतिशत, बाड़ी में 2 लाख 38 हजार 934 मतदाताओं में से 25 हजार 40 सहित 10.48 प्रतिशत मतदान हुआ, धौलपुर में 2 लाख 25 हजार 283 मतदाताओं में से 26 हजार 706 सहित 11.85 प्रतिशत एवं राजाखेड़ा में कुल पंजीकृत मतदाता 2 लाख 15 हजार 589 मतदाताओं में से 24 हजार 98 सहित 11.18 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। जिले के 932 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई।
11 बजे तक जिलेभर में कुल 21.78 प्रतिशत मतदान हुआ
जिसमें बाड़ी विधानसभा में 21.35 प्रतिशत, बसेड़ी में 20.65 प्रतिशत, धौलपुर में 23.21 प्रतिशत तथा राजाखेड़ा विधान सभा क्षेत्र में 21.85 प्रतिशत मतदान हुआ।
1 बजे तक 30.76 प्रतिशत मतदान हुआ
जिसमें बाड़ी विधानसभा में 30.05 प्रतिशत, बसेड़ी में 29.06 प्रतिशत, धौलपुर में 32.75 प्रतिशत तथा राजाखेड़ा विधान सभा क्षेत्र में 31.09 प्रतिशत मतदान हुआ।
3 बजे तक जिले में 37.04 प्रतिशत
बाड़ी विधानसभा क्षेत्र का 36.05, बसेड़ी विधानसभा क्षेत्र का 34.96 प्रतिशत, धौलपुर विधान सभा क्षेत्र का 39.40 प्रतिशत एवं राजाखेड़ा विधान सभा क्षेत्र का चुनाव मतदान 37.63 प्रतिशत रहा। 3 लाख 27 हजार 540 मतदाताओं ने अपना वोट डाला।

5 बजे तक धौलपुर का कुल मतदान प्रतिशत 46.54 प्रतिशत रहा
बाड़ी विधानसभा क्षेत्र का 1 लाख 9 हजार 724 सहित 45.92 प्रतिशत, बसेड़ी में 90 हजार 398 सहित 44.19 प्रतिशत,धौलपुर विधान सभा क्षेत्र का 1 लाख 10 हजार 320 सहित 48.97 प्रतिशत एवं राजाखेड़ा विधान सभा क्षेत्र में 1 लाख 1 हजार 107 वोटों के साथ 46.90 प्रतिशत मतदान हुआ । अब तक 8 लाख 84 हजार 360 में से 4 लाख 11 हजार 549 मतदाताओं ने अपना वोट डाला।
धौलपुर का मतदान प्रतिशत लगभग 53.05 प्रतिशत रहा
बाड़ी विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 23 हजार 836 मतदाताओं ने वोट डाले तथा मतदान 51.83 प्रतिशत रहा , बसेड़ी विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 3 हजार 755 मतदाताओं ने वोट डाले तथा मतदान 50.72 प्रतिशत रहा, धौलपुर विधान सभा क्षेत्र में 1 लाख 25 हजार 468 मतदाताओं ने वोट डाले तथा मतदान 55.69 रहा एवं राजाखेड़ा विधान सभा क्षेत्र में 1 लाख 16 हजार 63 मतदाताओं ने वोट डाले तथा मतदान 53.84 प्रतिशत रहा। जिले में पंजीकृत 8 लाख 84 हजार 360 में से कुल 4 लाख 69 हजार 122 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।
दिव्यांगजन एवं बुजुर्ग मतदाताओं को बूथ तक लाने ले जाने के लिए की गई विशेष व्यवस्था।
दिव्यांगजन एवं बुजुर्ग मतदाताओं को बूथ तक लाने ले जाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामात किए गए। प्रत्येक मतदान केंद्र पर दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए वोलंटीयर्स के माध्यम से सुविधा उपलब्ध करवाई गई।
चुनावी झलकियां
परिणय सूत्र से पहले थामा लोकतंत्र का दामन
युवा मतदाताओं एवं वैवाहिक बंधन में बंधने जा रहे मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के महापर्व में मतदान करके आहुति दी। शिवानी पुत्री सुरेश चंद निवासी ग्राम डोमपुरा मड़ासिल सरमथुरा मतदान बूथ क्रमांक 56 ने वैवाहिक बंधन में बंधने से पूर्व मतदान कर मिशाल पेश की। उन्होंने मतदान करके सेल्फी लेकर खुशी का इजहार किया।
नव मतदाताओं में मतदान को लेकर भारी उत्साह दिखाई दिया
बारात रवाना होने से पूर्व दूल्हा मतदान करने पहुंचा और बोला पहले मतदान जरूरी, तभी मजबूत होगा लोकतंत्र। डोंगरपुर धौलपुर भाग संख्या 128 निवासी मतदाता सूरज पुत्र रघुवीर सिंह ने वैवाहिक बंधन में बंधने से पूर्व लोकतंत्र के महापर्व में मतदान करके भागीदारी निभाकर अनोखी मिसाल कायम की है। गुजरपुरा बाड़ी निवासी दूल्हे ने दुल्हन के साथ फेरे लेने के लिए प्रस्थान करने से पहले मतदान को प्राथमिकता दी।
बीहड़ डांग क्षेत्र के गांवों में भी मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह दिखाई दिया। बल्लापुरा, गौलारी भाग संख्या 174 निवासी मंजेश 3 किमी से अधिक दूरी तय कर दोपहरी में पैदल चलकर मतदान करने पहुंची ।

उम्र पर हावी लोकतंत्र के प्रति आस्था
जिले के विभिन्न मतदान बूथों पर बड़े ही उत्साह के साथ पहुंचे वृद्धजनों ने मतदान करने के साथ ही बड़ी ही खुशी से सेल्फी भी खिंचवाई।
महिलाओं में दिखा अपार उत्साह
जिले की चारों विधानसभाओं के साथ ही महिला मतदाताओं एवं महिला संचालित मतदान केन्द्रों पर महिलाओं में मतदान के प्रति अपार उत्साह देखा गया।
वॉलिंटियर्स का कार्य रहा सराहनीय
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों का शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए आभार जताया एवं बधाई दी। जिले भर के विभिन्न मतदान बूथों पर दिव्यांगों एवं वृद्धजनां को सुगमता पूर्वक मतदान करवाने हेतु जिला प्रशासन के द्वारा की गई व्यवस्थाओं के तहत बूथों पर मौजूद वालेन्टियर्स ने पूर्ण तन्मयता के साथ सराहनीय कार्य करते हुए वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं को व्हील चेयर पर ले जाकर मतदान प्रक्रिया में सहयोग किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement