khaskhabar.com: मंगलवार, 26 जुलाई 2016 12:35 PM (IST)
झांसी। उत्तर प्रदेश के जनपद झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के पॉश इलाके सिविल लाइन में रहने वाले दवा व्यवसायी के घर रविवार की रात लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की डकैती पड़ गई। नकाबपोश बदमाश दीवार कूदकर अंदर घुसे और फिर बंधक बनाकर मारपीट कर घटना को अंजाम देकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी कर छानबीन शुरू कर दी है।
जनपद के नवाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत चंदा होटल के पीछे सिविल लाइन निवासी विनय दरगढ़ दवा व्यापारी है। विनय दरगढ़ के अनुसार, उनके घर में पांच सदस्य हैं। प्रतिदिन की भांति रविवार रात सभी खाना खाकर अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। मध्यरात्रि के बाद लगभग 2 बजे आधा दर्जन से अधिक असलहाधारी नकाबपोश बदमाश दीवार कूदकर उनके मकान में घुस गए। इससे पहले उन्हें इसकी भनक होती, बदमाश मुख्य दरवाजे का लॉक तोडक़र कमरों में घुस गए।