36 communities work in all districts equally-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:54 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सभी जिलों में 36 बिरादरी का समान रूप से काम किया - राव नरबीर सिंह

khaskhabar.com: रविवार, 09 जून 2019 6:03 PM (IST)
सभी जिलों में 36 बिरादरी का समान रूप से काम किया - राव नरबीर सिंह
चंडीगढ़ । हरियाणा के लोक निर्माण और वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में यदि हरियाणा प्रदेश में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो अगली बार सरकार का फोकस सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा शिक्षा पर रहेगा। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का विश्व और भारत वर्ष में जितना नाम है उसके अनुरूप अच्छी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी । उन्होंने कहा कि हम वादा करते हैं कि हरियाणा प्रदेश में पुन: भाजपा की सरकार बनने पर सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मेडिकल सुविधाएं अव्वल दर्जे की होंगी । राव नरबीर सिंह गुरुग्राम जिला के गांव शिकोहपुर के राजकीय विद्यालय में राव ब्रह्म सिंह तथा उनके परिजनों द्वारा बनाए गए कमरे का उद्घाटन करने उपरांत ग्रामीण सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोकसभा चुनाव में गुरुग्राम से भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने पर लोगों का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया।
राव नरबीर सिंह ने जिला गुरुग्राम तथा हरियाणा प्रदेश में कराए जा रहे विकास कार्यों का श्रेय मुख्यमंत्री मनोहर लाल को दिया और कहा कि हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर हरियाणा की सभी 10 की 10 लोक सभा सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जीते हैं और जो भारी मतों के अंतर से जीते हैं वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नीतियों का नतीजा है। उन्होंने कहा कि यह नतीजा है ईमानदारी से योग्यता के आधार पर नौकरी देने का, सबका साथ सबका विकास की सोच के साथ सभी जिलों में बराबर तरक्की करवाने का। राव नरबीर सिंह ने पिछली कांग्रेस सरकार पर भी तंज कसे और कहा कि पिछली सरकार केवल 2 जिलों तक सीमित थी-रोहतक और सोनीपत। ‘उस समय हरियाणा की जनता के साथ जो पक्षपात किया, रोहतक और सोनीपत की जनता ने उसका नतीजा दे दिया, दोनों बाबू बेटा घर बैठा दिए। अगर पक्षपात नहीं करते तो इतनी बुरी हार नहीं होती और कांग्रेस के प्रति लोगों में इतनी नफरत नहीं होती।’
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के सभी जिलों में 36 बिरादरी का समान रूप से काम किया और योग्यता के आधार पर नौकरियां दी। लिखित परीक्षा देकर आते हैं और दूसरे दिन रिजल्ट आउट हो जाता है। राव नरबीर सिंह बोले कि मेरिट के आधार पर नौकरियां देने से इस साढे 4 वर्ष के समय में सबसे ज्यादा कर्मचारी और अधिकारी हमारे अहीरवाल क्षेत्र के लगे हैं। पूरे हरियाणा और हमारे इन चार-पांच जिलों का नौकरियों में 60 और 40 का अनुपात रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के मुख्यमंत्री सारा रोजगार और विकास अपने इलाके में देते थे, चाहे वह सिरसा रहा हो या भिवानी अथवा रोहतक जबकि प्रदेश के खजाने में सबसे ज्यादा योगदान गुरुग्राम जिला का होता था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement