सालभर से अटका 12 लेन का काम, जेडीए की कमजोर प्लानिंग
khaskhabar.com: शुक्रवार, 25 नवम्बर 2016 11:35 AM (IST)
जयपुर। गोपालपुरा बाईपास को शहर की पहली 12 लेन रोड बनाने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास करने के करीब सालभर के बावजूद न तो इस बीच आ रहे निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम उठाया बल्कि, लोगों के पुनर्वास करने के लिए कोई फैसला नहीं लिया। इस बीच इंजीनियर जैसे-तैसे पुरानी रोड पर डामर चढ़ा रहे हैं। जबकि अधिकांश रोड की हालत पहले से ठीक है। इसी बीच अक्टूबर में टोंक रोड से दायीं ओर 80 फीट और बायीं ओर 60 फीट रोड सीमा से भी कम में निशान लगाने को लेकर भेदभाव के आरोप लगे थे। इस मामले को भी जिम्मेदार दबा रहे हैं। बताया जा रहा है कि निष्पक्ष जांच हो तो संबंधित अफसरों की भूमिका स्पष्ट हो जाएगी। जब तक रोड की तय चौड़ाई में काम नहीं होता तो अक्सर जाम में फंसने वाले ट्रैफिक को कोई राहत नहीं मिलेगी। रोड की सीमा में आ रहे निर्माण हटाने के लिए तत्कालीन जेडीसी ने दीपावली से 15 दिन पहले टोंक रोड से त्रिवेणी पुलिया के बीच लोगों को नोटिस जारी कराए थे, हालांकि नोटिसों की एक बार फिर पोल खुल गई। संबंधित व्यापारी और प्रभावितों का आरोप है कि जेडीए संशय की स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहा। दो साल से तो रोड सीमा वाले जेडीए के जोन उपायुक्त बदलते रहे हैं। वहीं कार्रवाई को लेकर अस्पष्ट प्लानिंग और राजनीतिक दबाव की स्थितियों के बीच जेडीसी कोई निर्णय नहीं कर पाए। मानसरोवर, पृथ्वीराज नगर, अजमेर रोड को जोडऩे वाली इस रोड पर काम आगे बढ़ाने को लेकर जेडीए और सरकार दोनों की इच्छाशक्ति कमजोर है। करीब 9 किमी की रोड के लिए जेडीए ने 80 करोड़ तक के टेंडर करने में जितनी तेजी दिखाई, उतनी ही सुस्ती परेशानियों को दूर करने में रही है। प्रभावितों को 2-3 बार नोटिस दिए जा चुके। ज्यादातर साइट पर करीब 8 माह से खुदी सडक़ों और टूटी लाइनों के चलते व्यापारी और ट्रैफिक को परेशानी हो रही है। जोन उपायुक्त और इंजीनियरों में कोई सामंजस्य नहीं। मामले पर चीफ एनफोर्समेंट ऑफिसर राजेंद्र सिंह ने कहा कि दीपावली से पहले प्रभावितों को नोटिस दिए थे, फिलहाल मामले पर निर्णय होना बाकी है। वहीं निदेशक इंजीनियर ललित शर्मा ने कहा कि जल्द ही जेडीसी को पूरे हालात से अवगत कराएंगे।
अक्षय कुमार की फिल्म ने तोड़ी पांच हजार साल पुरानी परंपरा ! SEE PICS