If your body and mouth smell bad, don,t panic, try these remedies-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:49 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

यदि आपके शरीर और मुँह से बदबू आती है तो घबराएँ नहीं ये उपाय करें

khaskhabar.com: शनिवार, 14 फ़रवरी 2026 08:44 AM (IST)
यदि आपके शरीर और मुँह से बदबू आती है तो घबराएँ नहीं ये उपाय करें
जयपुर। शरीर और साँसों से आने वाली बदबू एक आम समस्या है, लेकिन यह व्यक्ति के आत्मविश्वास और सामाजिक जीवन को प्रभावित कर सकती है। इसके पीछे आंतरिक और बाह्य दोनों प्रकार के कारण हो सकते हैं। यदि बदबू शरीर के अंदरूनी विकारों के कारण हो, तो केवल बाहरी उपाय पर्याप्त नहीं होते। ऐसे में उचित आहार और उपचार आवश्यक है। बदबू आने के प्रमुख कारण: दाँत और मसूड़ों की बीमारी होना, पेट की खराबी या अपच रहना, टॉन्सिल में सूजन या पस पड़ना, नाक और साइनस संबंधी समस्याएँ होना, फेफड़ों या श्वसन तंत्र के विकार हो जाना, मुँह के छाले पकना, रक्त की कमी (एनीमिया)होना, मधुमेह रोग की शिकायत होना, यकृत (लीवर) और गुर्दे (किडनी) की बीमारी रहना, ऐसी स्थिति में डॉक्टर या विशेषज्ञ से परामर्श लेना आवश्यक है। शरीर की साफ-सफाई में लापरवाही करना, मुँह और दाँतों की उचित सफाई न करना, पसीने का अधिक आना और उसे साफ न रखना, इन कारणों में प्राकृतिक और घरेलू उपाय अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।

शरीर की दुर्गंध दूर करने के प्रभावी उपाय क्या हैं?
बेलपत्र, आँवला और हरड़ का चूर्ण मिलाकर शरीर पर लेप करें। कुछ समय बाद स्नान कर लें। यह पसीने की दुर्गंध को समाप्त करने में सहायक है। चंदन, हरड़, नागरमोथा, उशीर और लोध्र का लेप बनाकर शरीर पर लगाने से शरीर की दुर्गंध समाप्त होती है और त्वचा सुगंधित रहती है। लोध्र, अनार के छिलके, रीठे के पत्ते और धाय के फूल को पीसकर लेप करें। यह शरीर की दुर्गंध दूर करने में अत्यंत प्रभावी है। कूठ, हरड़ और नागरपान का लेप लगाना, इन तीनों को समान मात्रा में पीसकर शरीर पर लगाने से बदबू आना बंद हो जाता है।
मुँह और साँसों की बदबू दूर करने के उपायः
प्रतिदिन नीम एवं बबूल की दातून करने से मुँह के बैक्टीरिया नष्ट होते हैं और साँसों की दुर्गंध दूर होती है। दो चम्मच शहद को एक गिलास पानी में मिलाकर गरारा करें। नियमित प्रयोग से एक सप्ताह में बदबू में सुधार होता है। भोजन के बाद सौंफ चबाने से मुँह की दुर्गंध दूर होती है और पाचन भी बेहतर होता है। सुपारी, जायफल, लौंग, कपूर आदि को पान में रखकर चबाने से मुँह सुगंधित होता है तथा दाँत और मसूड़े स्वस्थ रहते हैं।
क्या क्या सावधानी रखेंः
कमजोर, बीमार या विशेष रोगों से पीड़ित व्यक्ति पान का सेवन डॉक्टर की सलाह से ही करें। वच, कूठ, इलायची, नागकेसर आदि का चूर्ण बनाकर शहद में मिलाकर छोटी गोलियाँ बनाएं। इन्हें चूसने से मुँह की दुर्गंध दूर होती है।
अन्य महत्वपूर्ण सुझावः
दिन में दो बार ब्रश करें, जीभ की सफाई अवश्य करें, अधिक पानी पिएँ, पसीना आने पर स्नान करें, ताजे फल और हरी सब्जियों का सेवन करें, तंबाकू, शराब और अधिक मसालेदार भोजन से बचें। शरीर और साँसों की दुर्गंध को दूर करने के लिए नियमित स्वच्छता, संतुलित आहार और प्राकृतिक उपाय अत्यंत प्रभावी हैं।
यदि समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो इसे नजरअंदाज न करें और चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें। स्वच्छ शरीर और ताजी साँसें आपके व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
-डॉ. पीयूष त्रिवेदी आयुर्वेद विशेषज्ञ, एक्यूप्रेशर सेवा समिति,जयपुर

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement