Noah Cyrus gets emotional on the 10th anniversary of Make Me Cry, saying, Ill never be able to recreate this experience.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

'मेक मी क्राई' के 10 साल पूरे होने पर भावुक हुई नोआ साइरस, बोलीं-'यह अनुभव दोबारा नहीं बना पाऊंगी'

khaskhabar.com: सोमवार, 16 नवम्बर 2026 2:22 PM (IST)
'मेक मी क्राई' के 10 साल पूरे होने पर भावुक हुई नोआ साइरस, बोलीं-'यह अनुभव दोबारा नहीं बना पाऊंगी'
मुंबई । अमेरिकी सिंगर और सॉन्गराइटर नोआ साइरस के डेब्यू गाने 'मेक मी क्राई' को रिलीज हुए 10 साल पूरे हो गए हैं। इस गाने के साथ ही उन्होंने अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत की थी। इतना ही नहीं, यह उनका पहला टेलीविजन परफॉर्मेंस भी था। इस खास मौके पर नोआ ने सोशल मीडिया पर अपनी पुरानी यादें ताजा कीं और गाने में उनके साथ काम करने वाले ब्रिटिश सिंगर लैब्रिंथ के लिए एक भावुक पोस्ट लिखा। नोआ ने इंस्टाग्राम पर गाने के 10 साल पूरे होने की खुशी जाहिर करते हुए लैब्रिंथ को हमेशा के लिए अपना भाई बताया। उन्होंने लिखा, ''मेक मी क्राई के 10 साल पूरे हो गए। यह मेरा पहला रिलीज हुआ गाना था और पहला टेलीविजन परफॉर्मेंस भी। हर चीज की शुरुआत इसी से हुई थी। इन सभी पहली यादों में मेरा साथ देने के लिए शुक्रिया लैब्रिंथ। मैं तुमसे प्यार करती हूं।" उन्होंने आगे लिखा, ''तुम्हारे साथ इस गाने को तैयार करने का अनुभव इतना खास था कि मैं इसे दोबारा किसी म्यूजिक स्टूडियो में कभी नहीं बना पाऊंगी। तुम हमेशा मेरे भाई रहोगे। उन सभी लोगों का शुक्रिया, जिन्होंने इतने सालों तक इस गाने को सुना और प्यार दिया। मैं हमेशा आभारी रहूंगी। खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि आज भी आपके लिए गा रही हूं।''
नोआ ने अपने करियर की शुरुआत संगीत से पहले एक्टिंग की दुनिया में की थी। साल 2008 में उन्होंने एनिमेटेड फिल्म 'पोन्यो' के अंग्रेजी वर्जन में मुख्य किरदार को अपनी आवाज दी थी। इसके अलावा वह 'हन्ना मोंटाना' और 'डॉक' जैसे टीवी शो में छोटी भूमिकाओं में भी नजर आई थीं। साल 2009 में आई फिल्म 'हन्ना मोंटाना: द मूवी' में उन्होंने बैकग्राउंड डांसर के तौर पर भी काम किया था।
साल 2016 में नोआ ने लैब्रिंथ के साथ अपना पहला सिंगल 'मेक मी (क्राई)' रिलीज किया। यह गाना काफी पसंद किया गया और बिलबोर्ड हॉट 100 चार्ट में 46वें नंबर तक पहुंचा। इस गाने ने उन्हें संगीत की दुनिया में पहचान दिलाई।
नोआ अब तक तीन एक्सटेंडेड प्ले (ईपी) रिलीज कर चुकी हैं, जिनके नाम 'गुड क्राई', 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' और 'पीपल डोंट चेंज' हैं। उनका पहला फुल-लेंथ एल्बम 'द हार्डेस्ट पार्ट' 16 सितंबर 2022 को रिलीज हुआ था, जिसे म्यूजिक समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। इसके बाद उनका दूसरा स्टूडियो एल्बम 'आई वांट माय लव्ड वन्स टू गो विद मी' 11 जुलाई 2025 को रिलीज हुआ।
नोआ साइरस को 63वें ग्रैमी अवॉर्ड्स में बेस्ट न्यू आर्टिस्ट कैटेगरी में नामांकन भी मिला था। वह मशहूर अमेरिकी सिंगर बिली रे साइरस और टीश साइरस की सबसे छोटी बेटी हैं। पॉप स्टार माइली साइरस उनकी बड़ी बहन हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement