BHEL Recruitment 2026: 33 Vacancies for Medical Professionals; Application Portal Opens December 1-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:11 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बीएचईएल भर्ती 2026: चिकित्सा पेशेवरों के 33 पदों पर निकली वैकेंसी, 1 दिसंबर को खुलेगा आवेदन पोर्टल

khaskhabar.com: शनिवार, 28 नवम्बर 2026 2:28 PM (IST)
बीएचईएल भर्ती 2026: चिकित्सा पेशेवरों के 33 पदों पर निकली वैकेंसी, 1 दिसंबर को खुलेगा आवेदन पोर्टल
नई दिल्ली । भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। बीएचईएल ने चिकित्सा पेशेवरों की भर्ती के लिए कुल 33 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है। बीएचईएल की ओर से चिकित्सा पेशेवरों की नियुक्ति ई1 ग्रेड में जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर और ई2 ग्रेड में विशेषज्ञ (स्पेशलिस्ट) के पदों पर की जाएगी। ये नियुक्तियां त्रिची, भोपाल, हरिद्वार, हैदराबाद, झांसी, रानीपेट, चेन्नई और नागपुर स्थित बीएचईएल की इकाइयों/कार्यालयों के अस्पतालों/डिस्पेंसरियों में होंगी। बीएचईएल की ओर से चिकित्सा पेशेवर पोस्ट के लिए जारी की गई 33 रिक्तियों में सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ) ई2 ग्रेड - मेडिसिन/फिजिशियन के 7, सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ) ई2 ग्रेड - ऑर्थोपेडिशियन (हड्डी रोग विशेषज्ञ) के 2, सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ) ई2 ग्रेड - पीडियाट्रिशियन (बाल रोग विशेषज्ञ) का 1, सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ) ई2 ग्रेड - जनरल सर्जरी के 3, सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ) ई2 ग्रेड - रेडियोलॉजिस्ट का 1, सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ) ई2 ग्रेड - ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजी (प्रसूति एवं स्त्री रोग) के 3, सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ) ई2 ग्रेड - ऑप्थल्मोलॉजिस्ट (नेत्र रोग विशेषज्ञ) का 1, सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ) ई2 ग्रेड - एनेस्थेटिस्ट (निश्चेतना विशेषज्ञ) का 1 और जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर ई1 ग्रेड - जीडीएमओ के 14 पद शामिल हैं।
यूनिट-वार चिकित्सा पेशेवर पोस्ट के लिए जारी की गई 33 रिक्तियों में एचपीबीपी - त्रिची में 7; एचईपी, भोपाल में 11; एचईईपी, हरिद्वार में 5; एचपीईपी, हैदराबाद में 5; बीएपी, रानीपेट में 2; टीपी, झांसी में 1; पीएसएसआर, चेन्नई में 1; और पीएसडब्ल्यूआर, नागपुर में 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर की सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर की रात 11:45 बजे तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बीएचईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित रिक्तियों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर - ई1 ग्रेड के लिए एमबीबीएस डिग्री के साथ योग्यता प्राप्त करने के बाद एक वर्ष का संबंधित अनुभव/प्रैक्टिस और सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ) - ई2 ग्रेड के लिए संबंधित विशेषज्ञता में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री के साथ एमबीबीएस की डिग्री और साथ ही योग्यता प्राप्त करने के बाद एक वर्ष का संबंधित अनुभव/प्रैक्टिस होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर के लिए 32 वर्ष और सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ) के लिए 37 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच-पड़ताल, शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, व्यक्तिगत साक्षात्कार, दस्तावेज सत्यापन आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स का वेतन जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर के लिए 60,000 से 1,80,000 रुपए के बीच प्रति माह और सीनियर मेडिकल ऑफिसर (विशेषज्ञ) के लिए 70,000 से 2,00,000 रुपए के बीच प्रति माह होगा। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी मिलेंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को निर्धारित नॉन-रिफंडेबल प्रोसेसिंग शुल्क का भुगतान करना होगा, जो 472 रुपए है। हालांकि, एससी/एसटी, पीडब्ल्यूडी और पूर्व सैनिकों को शुल्क भुगतान में छूट दी गई है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement