पिछले एक दशक से बॉक्स ऑफिस पर लगातार हिट पर हिट फिल्म देने वाले अभिनेता सलमान खान की फिल्में प्रदर्शन से पहले ही अपनी लागत और मुनाफा वसूल लेती हैं। कबीर खान और सलमान खान की ‘ट्यूबलाइट’ भी एक ऐसी ही फिल्म है जिसने अपनी लागत को प्रदर्शन पूर्व ही वसूल कर लिया है। इस फिल्म ने जहां 20 करोड रुपये संगीत अधिकारों के बदले में प्राप्त किए हैं, वहीं 132 करोड रुपये इसने अपने वितरण अधिकारों को बेचकर वसूल कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि सेंट्रल इंडिया के वितरण अधिकारों को छोडकर सलमान खान फिल्म्स ने शेष भारत में ‘ट्यूबलाइट’ के वितरण अधिकारों को 132 करोड में बेचने में सफलता प्राप्त कर ली है। सेंट्रल इंडिया में इस फिल्म को स्वयं सलमान खान वितरित करने जा रहे हैं। सेंट्रल इंडिया के वितरण अधिकार इससे पहले भी सलमान खान अपनी फिल्मों के लिए अपने पास रख चुके हैं। अरबाज द्वारा निर्मित फिल्म ‘दबंग’ को भी सेंट्रल इंडिया में सलमान खान ने स्वयं प्रदर्शित किया था। अभी ट्यूबलाइट के ओवरसीज राइट्स, सैटेलाइट और अन्य राइट्स बेचे जाने शेष हैं। ऐसे में कयास लगाये जा रहे हैं कि इन सभी से भी सलमान खान फिल्म्स को 100 करोड से ज्यादा की आय होगी। इस तरह से ट्यूबलाइट प्रदर्शन पूर्व ही सलमान खान के लिए फायदे का सौदा साबित हो गई है। समस्त अधिकारों से उन्हें 260 करोड की आमदनी होने की उम्मीद है।