Advertisement
प्रेमनाथ बर्थडे स्पेशल- पिता ने सेना में भेजा तो 100 रुपए लेकर भागे मुंबई, फिर हीरो से विलेन बनकर छाए

साल 1948 में फिल्म 'अजीत' से प्रेमनाथ ने बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद राज कपूर की फिल्म 'आग' (1948) और 'बरसात' (1949) में भी वह नजर आए। 50 के दशक की शुरुआत में वह हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय हीरो बन चुके थे। 'सगाई', 'बुजदिल', 'नौजवान', 'दर्द-ए-दिल' और 'आन' जैसी फिल्मों ने उन्हें पहचान दिलाई। फिल्म 'आन' में उनका दमदार अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया। उस दौर में उनकी गिनती राज कपूर, दिलीप कुमार और देव आनंद जैसे बड़े सितारों में होती थी।
प्रेमनाथ की निजी जिंदगी भी फिल्मों से जुड़ी रही। अभिनेत्री बीना राय के साथ उनकी मुलाकात फिल्म 'औरत' (1953) के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद दोनों ने मिलकर अपना प्रोडक्शन हाउस पी.एन. फिल्म्स शुरू किया। उनकी पहली फिल्म 'शगूफा' (1953) थी। इसके बाद 'प्रिजनर ऑफ गोलकोंडा', 'समुंदर', 'हमारा वतन' और 'चंगेज खान' जैसी फिल्मों का निर्माण हुआ, लेकिन ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास सफल नहीं रहीं। इसका असर प्रेमनाथ के करियर पर भी पड़ा।
करीब 14 साल के उतार-चढ़ाव के बाद उनकी किस्मत एक बार फिर बदली। साल 1970 में आई विजय आनंद की फिल्म 'जॉनी मेरा नाम' उनके करियर का बड़ा मोड़ साबित हुई। इस फिल्म में उन्होंने राय साहब का किरदार निभाया था। देव आनंद और हेमा मालिनी की इस फिल्म में उनका नेगेटिव किरदार काफी चर्चित हुआ। खासकर पद्मा खन्ना के साथ गाने 'हुस्न के लाखों रंग' में उनका अंदाज दर्शकों के बीच चर्चा में रहा।
इसके बाद प्रेमनाथ ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिल्म 'धर्मात्मा' (1975) में धर्मदास का किरदार हो या राज कपूर की 'बॉबी' (1973) में जैक ब्रगांजा की भूमिका, उन्होंने हर किरदार में अपनी अलग छाप छोड़ी। 'शोर' (1972), 'रोटी कपड़ा और मकान' (1974), 'कालीचरण' (1976), 'हीरालाल पन्नालाल' (1978), 'विश्वनाथ' (1978), 'कर्ज' (1980) और 'क्रोधी' (1981) जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अहम भूमिकाएं निभाईं। फिल्म 'कर्ज' में सर जूडा का उनका किरदार काफी अलग था।
प्रेमनाथ ने अपने करियर में हीरो और विलेन दोनों रूपों में दर्शकों का प्यार हासिल किया। 3 नवंबर 1992 को 65 साल की उम्र में उनका निधन हो गया।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
यह भी प�?े
बॉलीवुड
Advertisement
Traffic
Features


