नेशनल अवार्ड विजेता प्रख्यात फिल्मकार मणिरत्नम का कहना है कि बतौर फिल्मकार वह इतना लंबा रास्ता तय करेंगे, शुरुआत में उन्होंने इसके बारे में सोचा तक नहीं था। बीते तीन दशक से फिल्म निर्देशन में सक्रिय, दर्शकों और समालोचकों द्वारा सराहे गए मणिरत्नम साथ ही यह भी कहते हैं कि इतने लंबे समय तक फिल्म उद्योग में टिके रहने का मतलब खुद को समय के साथ बनाए रखना भी है। मणिरत्नम ने कन्नड फिल्म ‘पल्लवी अनु पल्लवी’ से 1983 में फिल्म निर्देशन की शुरुआत की और उसके बाद उन्होंने भारतीय फिल्म जगत को ‘मौन रागम’, ‘रोजा’, ‘दिल से’, ‘युवा’ और ‘नायकन’ जैसी उत्कृष्ट फिल्में दीं।