Develop vision of virtue observation - Pandit Shriram Sharma Acharya-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:14 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सद्गुण अवलोकन की दृष्टि विकसित करें—पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य

khaskhabar.com: सोमवार, 23 जनवरी 2023 09:59 AM (IST)
सद्गुण अवलोकन की दृष्टि विकसित करें—पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य
मानव एक सामाजिक प्राणी है उसका संबंध विस्तृत मानव समाज से होता है । इतना ही नहीं भूमंडल के व्याप्त वातावरण से उसका संबंध होता है । ज्यों-ज्यों व्यक्तित्व का विकास होता जाता है, उसके साथ-साथ ही यह संबंध सूत्र भी विस्तृत होता जाता है । समाज और व्यक्ति दोनों पर परस्पर एक दूसरे का प्रभाव पड़ता है । दोनों के उत्थान, पतन, सफलता आदि का भी उतना ही प्रभाव पड़ता है । व्यवहार कुशलता इन दोनों को मिलाकर प्रगति-पथ एवं सफलता की ओर अग्रसर करती है। तात्पर्य यह है कि व्यवहार कुशलता से व्यक्ति स्वयं तो उन्नत एवं सफल होता ही है, किंतु साथ ही साथ समाज पर भी इसका काफी अच्छा प्रभाव पड़ता है । अत: सभी संस्कृतियों ने व्यवहार कुशलता एवं उसके लिए आवश्यक गुणों को मुक्त कंठ से स्वीकार किया है। अधिकांश मनुष्यों में कुछ न कुछ कमजोरियाँ, बुराइयाँ एवं दोष आदि रहते हैं, इसके साथ अनेकों गुण भी। सर्वथा दोषमुक्त अथवा निर्बलतामुक्त व्यक्ति मिलना असंभव नहीं तो कठिन अवश्य ही है, इसी प्रकार सर्वगुण संपन्न व्यक्ति भी। किंतु श्रेष्ठता इसी में है कि दूसरों के अवगुणों, दोषों की उपेक्षा कर उनके गुणों को देखा जाए और उन्हें ग्रहण किया जाए, दूसरों के सब गुणों को जाने और उन्हें दाद दें, उनकी प्रशंसा करें। दूसरों का दोष दर्शन अथवा उनमें बुराइयाँ निकालना सरल कार्य है, साथ ही यह एक घटिया मानसिक रोग है, जो व्यक्ति को तुच्छता एवं पतन की ओर ले जाता है । ऐसा व्यक्ति जीवन में सफल एवं उन्नत नहीं हो सकता, न उसे किसी का सहयोग अथवा सहायता मिल सकती है। अत: दूसरों में सद्गुणों, श्रेष्ठता आदि का दर्शन कीजिए । उसकी विशेषताओं को समझकर उसकी प्रशंसा कीजिए और अपने जीवन में उन्हें उतारिए भी। इससे आदर्श एवं उन्नतिशील जीवन का निर्माण होगा , दूसरों का आपको सहयोग मिलेगा और आपको सच्चे मित्र भी प्राप्त होंगे । स्वभाव वश किसी की बुराई भी ध्यान में आए तो उसे भुला कर उसके सदगुणों पर विचार कीजिए, जिससे अपना दृष्टिकोण परिमार्जित बनेगा। उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक हम बदलें तो दुनिया बदले के पृष्ठ 142 से लिया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement