khaskhabar.com: गुरुवार, 25 अगस्त 2016 5:40 PM (IST)
हैदराबाद।
ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी
पुरसाला वेंकट सिंधु ने कहा है कि अब वे विश्व सुपरसीरीज पर ध्यान केंद्रित
करेंगी क्योंकि यही एक पुरस्कार है, जो वे जीत नहीं सकी हैं। साथ ही सिंधु
ने यह भी कहा कि वरीयता क्रम में नंबर-1 की कुर्सी हासिल करना उनका अंतिम
लक्ष्य है।
सिंधु ने कहा कि ओलम्पिक में रजत जीतने के बाद अब वे अपने
प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों की नजर में सबसे बड़ा निशाना होंगी। हैदराबाद
निवासी सिंधु ने जब अपने गृहप्रदेश और गृहनगर में प्रवेश किया तो आंध्र
प्रदेश और तेलंगाना की सरकारों ने उनका शानदार स्वागत किया। सिंधु ने कहा
कि अब उनका सबसे पहला लक्ष्य सुपरसीरीज खिताब अपनी झोली में डालना है। बीते
साल डेनमार्क ओपन सुपरसीरीज आयोजन में उपविजेता रहीं सिंधु ने कहा कि मेरा
पहला लक्ष्य सुपरसीरीज है।