I dont think CSK will ever find another player like Dhoni; his legacy is unmatched: Irfan Pathan-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:49 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मुझे नहीं लगता कि सीएसके को कभी धोनी जैसा कोई और खिलाड़ी मिल पाएगा, उनकी विरासत बेजोड़: इरफान पठान

khaskhabar.com: बुधवार, 18 नवम्बर 2026 9:44 PM (IST)
मुझे नहीं लगता कि सीएसके को कभी धोनी जैसा कोई और खिलाड़ी मिल पाएगा, उनकी विरासत बेजोड़: इरफान पठान
नई दिल्ली। भारत के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना ​​है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का कोई भी खिलाड़ी उस मुकाम तक नहीं पहुंच पाएगा, जो एमएस धोनी ने इस फ्रेंचाइजी के लिए हासिल किया है। उन्होंने कहा कि इस दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज की विरासत बेजोड़ है। मंगलवार को सीएसके ने घोषणा की कि धोनी अब आईपीएल में बतौर खिलाड़ी नहीं खेलेंगे, लेकिन वह टीम के साथ मेंटर के तौर पर जुड़े रहेंगे। पठान ने 'जियोस्टार' पर कहा, "एमएस धोनी की विरासत बेजोड़ है, इसमें कोई शक नहीं है। क्रिकेट के मैदान पर उन्होंने जो कुछ किया, पीली जर्सी में जिस तरह का प्रदर्शन किया और मैच को आखिरी तक ले जाकर उसे फिनिश किया।" पठान ने आगे कहा, "मुझे नहीं लगता कि चेन्नई सुपर किंग्स को कभी उनके जैसा कोई और खिलाड़ी मिल पाएगा। आप इसे उनकी मेंटरशिप में भी देखेंगे। वह टीम के साथ जुड़े रहेंगे, मैदान पर भी टीम से संपर्क में रहेंगे और अपना योगदान देते रहेंगे। मगर एक खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने जो विरासत बनाई है, वह बेजोड़ है। इसकी बराबरी करना या इसे पीछे छोड़ना बहुत मुश्किल होगा।"
45 वर्षीय धोनी ने चेन्नई के लिए 272 मैच खेले और वह इस फ्रेंचाइजी के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने 5,314 रन बनाए। इसके अलावा, उन्होंने अपनी कप्तानी में सीएसके को पांच आईपीएल खिताब भी जिताए। करीबी मैचों में उनके शांत स्वभाव की वजह से उन्हें 'कैप्टन कूल' का नाम मिला, और मैच को आखिरी ओवर तक ले जाकर फिनिश करने की उनकी खूबी उनकी पहचान बन गई।
पठान ने बताया कि कप्तान रहते हुए भी धोनी एक मेंटर की तरह ही काम करते थे, खासकर युवा खिलाड़ियों के लिए। पठान ने कहा, "मैंने ड्रेसिंग रूम में उनके साथ काफी समय बिताया है। जब वह कप्तान थे, तब भी वह हमेशा खिलाड़ियों को मेंटर करते थे। वह हमेशा युवा खिलाड़ियों को बहुत अच्छे से संभालते थे। कई बार ऐसा होता था कि आप ड्रेसिंग रूम में जाकर बस महेंद्र सिंह धोनी और उनकी काबिलियत पर भरोसा कर सकते थे और फिर बेझिझक जाकर गेंदबाजी कर सकते थे।"
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने आगे कहा, " वह फील्ड सेट करेंगे, आपका मार्गदर्शन करेंगे और आपको मनचाहा परिणाम दिलाएंगे। मैदान पर महेंद्र सिंह धोनी ने हमेशा यही किया है। मुझे उम्मीद है कि जब वह डगआउट में बैठेंगे या ड्रेसिंग रूम में होंगे, तो एक मेंटर के तौर पर भी वह वैसा ही जादू दिखाएंगे। यह एक ऐसी विरासत है जिसे कई दशकों तक याद रखा जाएगा।”
भारतीय क्रिकेट में धोनी का कद आईपीएल से कहीं बड़ा था। कप्तान के तौर पर उन्होंने 2007 में भारत को टी20 वर्ल्ड कप और 2011 में 50 ओवरों का वर्ल्ड कप जिताया। उन्होंने 2019 में भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेला और 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया। हालांकि, उन्होंने आईपीएल में खेलना जारी रखा।
भारत के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने कहा कि धोनी का आईपीएल से इस तरह खामोशी से विदा लेना उनके व्यक्तित्व को दर्शाता है। उन्हें न तो कोई फेयरवेल मैच मिला और न ही चेपॉक में कोई खास विदाई। आकाश ने कहा, “IPL से धोनी का संन्यास एक बहुत बड़ा पल है और सच कहें तो यह बिल्कुल उनके अंदाज में ही हुआ है। वह बिना किसी शोर-शराबे के चले गए। बस एक ही सवाल था—क्या वह वापस चेपॉक जाएंगे?”
पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा, "उन्होंने कहा था कि वह अपने लोगों के सामने विदा लेना चाहते हैं। हालांकि, शायद उन्हें भी यह एहसास हो गया होगा कि विदाई में कुछ खास नहीं रखा है। कहानी चाहे कितनी भी खूबसूरत क्यों न हो, एक दिन उसका अंत होना ही है और अब वह समय आ गया है, जब यह कहानी सच में खत्म हो रही है—और इसी तरह खत्म हो रही है।"
आकाश चोपड़ा ने कहा, "यह बिल्कुल एमएस धोनी के अंदाज में है कि वह बेवजह टिके नहीं रहे। मेरे लिए चीजों को छोड़ देने की यह क्षमता ही उनकी महानता का एक बड़ा और अहम हिस्सा है। यानी, अब यह पूरा हो गया है, अब मैं यहां नहीं हूं। पिछले साल भी वह खेले नहीं थे, बस टीम के साथ मौजूद थे। अब उन्हें एहसास हो गया कि यह एक नए अध्याय की शुरुआत है और वह इसे एक दिन भी और आगे नहीं खींचना चाहते। इसके लिए उन्हें चेपॉक में होने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाली और संन्यास ले लिया। कोई विदाई मैच नहीं, कोई लंबा भाषण नहीं, कुछ भी नहीं। एक तरह से यही तो एमएस धोनी वाली बात है। उन्होंने हमेशा अपने क्रिकेट को ही अपनी बात कहने दी, और ठीक उसी तरह, चुपचाप और अपनी शर्तों पर वह विदा ले गए।"
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement