Babita Phogat: Wrestling as a Legacy, 3 Commonwealth Games Medals, and a Career Filled with Achievements-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बबीता फोगाट: विरासत में मिली कुश्ती, कॉमनवेल्थ गेम्स में जीते 3 मेडल, उपलब्धियों से भरा रहा करियर

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 10:11 PM (IST)
बबीता फोगाट: विरासत में मिली कुश्ती, कॉमनवेल्थ गेम्स में जीते 3 मेडल, उपलब्धियों से भरा रहा करियर
नई दिल्ली। बबीता फोगाट की गिनती भारत की दिग्गज महिला पहलवानों में की जाती है। बबीता का नाम आते ही हर किसी के जेहन में बॉलीवुड की मशहूर फिल्म 'दंगल' आ जाती है। बबीता का करियर भी अपनी बड़ी बहन गीता फोगाट की तरह की उपलब्धियों से भरा रहा। बबीता का जन्म 20 नवंबर 1989 को हरियाणा के भिवानी में हुआ। बबीता को कुश्ती विरासत में मिली। पिता महावीर फोगाट खुद पहलवान थे और उन्होने अपनी दोनों बेटियों को इस खेल में निपुण बनाने की ठानी। समाज के तानों की परवाह किए बिना पिता महावीर ने बबीता और गीता को कुश्ती खेल की बारीकियां सिखाईं। बबीता-गीता अपनी ट्रेनिंग के शुरुआती दिनों में लड़कों संग कुश्ती किया करती थीं। अपनी बड़ी बहन गीता की तरह ही बबीता भी पिता की उम्मीदों पर एकदम खरी उतरीं और उन्होंने बेहद कम उम्र में ही अपनी पहचान बनाना शुरू कर दिया। बबीता ने 2009 से 2014 तक हर साल एक बड़ा मेडल अपने नाम किया। 2009 में उन्होंने कॉमनवेल्थ कुश्ती चैंपियनशिप के फ्रीस्टाइल इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 में बबीता ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। 2011 में वो कॉमनवेल्थ कुश्ती चैंपियनशिप में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने में सफल रहीं। हालांकि, 2012 में हुए लंदन ओलंपिक के लिए वह भारतीय टीम में जगह नहीं बना सकीं। मगर इसी साल उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में अपना दमखम दिखाया और ब्रॉन्ज मेडल जीता।
2013 में हुई एशियन चैंपियनशिप में भी बबीता का जलवा देखने को मिला और वह 55 किलोग्राम वर्ग में ब्रॉन्ज जीतने में कामयाब रहीं। हालांकि, उनके करियर के लिहाज से सबसे बड़ा और अहम साल 2014 रहा। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में बबीता ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता।
रियो ओलंपिक 2016 में भी बबीता ने हिस्सा लिया, लेकिन यहां वह कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं। 2018 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में बबीता ने एक और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। कुश्ती में अहम योगदान के लिए बबीता को सरकार ने साल 2015 में 'अर्जुन पुरस्कार' से सम्मानित किया।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement