Advertisement
डेविस कप: इटली ने कटाया फाइनल का टिकट, सेमीफाइनल में चेकिया को 2-1 से दी शिकस्त

यह जीत मुसेट्टी के लिए यादगार शाम का हिस्सा रही। इससे पहले उन्होंने सिंगल्स मुकाबले में जैकब मेंसिक को 6-3, 6-4 से हराकर इटली को बेहतरीन शुरुआत दिलाई थी। मुसेट्टी ने पूरे मैच में अपने खिलाफ आए सभी छह ब्रेक प्वाइंट बचाए और मेजबान टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई।
हालांकि, चेकिया ने जोरदार वापसी की। जिरी लेहेका ने फ्लेवियो कोबोली को 6-2, 1-6, 6-3 से हराकर स्कोर 1-1 कर दिया और मुकाबले को निर्णायक डबल्स तक खींच लिया। इसके बाद लोरेंजो मुसेट्टी और एंड्रिया वावास्सोरी ने निर्णायक डबल्स मुकाबले की जिम्मेदारी संभाली। पहला सेट गंवाने के बाद इटली की जोड़ी ने शानदार वापसी की, अपने खेल का स्तर ऊंचा किया और मैच को तीसरे व निर्णायक सेट तक पहुंचाया।
आखिरी सेट के टाई-ब्रेक में भी दोनों खिलाड़ियों ने दबाव में बेहतरीन संयम दिखाया। 1-3 से पीछे होने के बावजूद उन्होंने जोरदार वापसी की, लगातार अंक जुटाए और अंततः टाई अपने नाम कर इटली की फाइनल में जगह पक्की कर दी। एटीपी के हवाले से मुसेट्टी ने कहा, "यह दिन मेरे दिल में खास मायने रखता है, खासकर इसलिए क्योंकि डेविस कप में मैंने पिछले मैच जीते नहीं थे। मुझे लगा कि मुझे वापसी करने और यह साबित करने के लिए इसकी जरूरत है कि मैं टीम की मदद कर सकता हूं।"
इस नतीजे से इटली का डेविस कप में लगातार 16 टाई जीतने का शानदार सिलसिला और बढ़ गया, जिसमें तीन बार के डिफेंडिंग चैंपियन ने 2023 में कनाडा से 0-3 से हारने के बाद से कोई टाई नहीं हारा है। वावस्सोरी ने इस पार्टनरशिप और जोड़ी की कम तैयारी के बावजूद मुकाबले में आगे बढ़ने की काबिलियत को श्रेय दिया। उन्होंने कहा, "हम बहुत अच्छे दोस्त हैं। कोर्ट पर, उनके साथ खेलना बहुत अच्छा था। हालांकि, असल में हमने अपने डबल्स की बहुत ज्यादा प्रैक्टिस एक साथ नहीं की थी। हमने कई साल पहले बस एक बार खेला था। इसलिए शुरुआत में हमें स्पॉट, पोजिशनिंग भी ढूंढनी थी।"
उन्होंने आगे कहा, "इसी वजह से मुझे लगता है कि हमें बस भरोसा था कि गेम के दौरान हमारा गेम बेहतर होगा। पहला सेट मुश्किल था। वे बहुत टफ प्लेयर हैं। माचाक और लेहेका, वे बहुत अच्छे सर्वर हैं, वे बहुत तेजी से रिटर्न करते हैं। इसी कारण गेम में आना आसान नहीं था, लेकिन मैं बहुत खुश हूं, क्योंकि इस तरह जीतना सबसे अच्छा एहसास है।"
इटली अब शनिवार को ग्रेट ब्रिटेन और स्पेन के बीच होने वाले सेमीफाइनल के विजेता का इंतजार करेगा।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
खेल
Advertisement
Traffic
Features


