Advertisement
गेंदबाजी में साझेदारियां अहम रहेंगी : रहाणे

रहाणे से जब पूछा गया कि क्या बुमराह की जिम्मेदारी बढ़ जाएगी तो उन्होंने कहा, "बुमराह शानदार गेंदबाज हैं और हमारे लिए काफी अच्छा कर रहे हैं। लेकिन मुझे लगता है कि बुमराह के अलावा, उमेश और वो खिलाड़ी जो कल के मैच में शमी की जगह खेलेगा (सिराज) भी काफी प्रतिभाशाली हैं।"
कप्तान ने कहा, "उमेश हमारे लिए कई वर्षो से अच्छा करते आ रहे हैं। यह हमारे लिए गेंदबाजी में साझेदारियां करने की बात है। हमने बात की है कि हम किस तरह से खेलेंगे। बुमराह शानदार गेंदबाज हैं, लेकिन यह साझेदारियां और प्लान करने की बात है।"
भारत ने अगले मैच में शुभमन गिल को पदार्पण का मौका दिया है जो पृथ्वी शॉ के स्थान पर मयंक अग्रवाल के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। टीम की घोषणा से पहले रहाणे ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह सलामी बल्लेबाजों को अपना स्वाभाविक खेल खेलने की छूट देना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, "हर कहीं सलामी बल्लेबाज का रोल काफी अहम होता है। हम किसी पर दबाव नहीं डालना चाहते। हम उन्हें अपना खेल खेलने देने की स्वतंत्रता देना चाहते हैं। ओपनर्स का रोल काफी अहम होता है। जब आप साझेदारी करते हो तो इससे बड़े स्कोर की बुनियाद रखने में मदद मिलती है। बाद में आने वाले बल्लेबाजों के लिए यह आसान रहता है।"
रहाणे ने कहा कि वह विराट कोहली को मिस करेंगे जो अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौट चुके हैं।
उन्होंने कहा, "हमें निश्चित तौर पर कोहली की कमी खलेगी। जाहिर सी बात है कि उनके जैसे खिलाड़ी का टीम में होना हमेशा अच्छा रहता है।"
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
खेल
Advertisement
Traffic
Features


