khaskhabar.com: सोमवार, 15 अगस्त 2016 6:11 PM (IST)
म्यूनिख।
जर्मनी के शीर्ष फुटबॉल क्लब बायर्न म्यूनिख के लिए खेलने वाले जर्मनी के
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेरोम बोएटांग को जर्मनी का वर्ष का सर्वश्रेष्ठ
फुटबॉल खिलाड़ी चुना गया। जर्मनी की प्रतिष्ठित खेल पत्रिका किकर द्वारा
करवाए गए पोल में रविवार को बोएटांग को विजेता घोषित किया गया। इस पोल में
जर्मनी के जाने-माने खेल पत्रकारों ने वोट किया। पोल में पड़े कुल 674 मतों
में से 163 मत बोएटांग के पक्ष में गए। 1997 में जुर्गेन कोहलर के बाद यह
अवार्ड जीतने वाले वे दूसरे डिफेंडर हैं। पिछले वर्ष वोल्फ्सबर्ग के केविन
डी ब्रूइन को यह अवार्ड प्रदान किया गया था। बायर्न में बोएटांग के साथी
खिलाड़ी थॉमस मूलर 95 वोट हासिल कर दूसरे, जबकि एक अन्य बायर्न खिलाड़ी
रॉबर्ट लेवांडोव्स्की 90 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।