khaskhabar.com: गुरुवार, 25 अगस्त 2016 5:56 PM (IST)
फरीदाबाद। फरीदाबाद के गांव फतेहपुर बिल्लौच में देर रात खेतों में पानी दे रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक के परिजनों ने गांव के ही एक युवक का नामजद व कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। परिजनों ने हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव फतेहपुर बिल्लौच निवासी मृतक के परिजनों ने बताया कि मनोज व उसके चचेरे भाई देर रात गांव के समीप खेतों पर पानी दे रहे थे। इस दौरान जहां मनोज जहां पानी लगा रहा था उस तरफ से गोली चलने की आवाज आई तो वे उसकी तरफ दौड़े। जब वे मौके पर पहुंचे तो मनोज उल्टा पड़ा हुआ था और खून में लथपथ गांव के ही नरेश को गाली दे रहा था और कह रहा था कि मैं बच गया तो बदला जरूर लूंगा। परिजनों ने तुरंत घायल मनोज को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार पड़ोस में ही रहने वाले नरेश से उनकी पहले भी लड़ाई हो चुकी है, इसके चलते उसने इस हत्या को अपने अन्य साथी के साथ अंजाम दिया है। जब वे मौके पर पहुंचे थे तो वहां दो युवक बाइक पर सवार हो कर भागे थे। वहीं थाना सदर के एसएचओ राजदीप मोर ने बताया कि देर रात सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों ने उन्हें हालात के बारे में बताया। इस पर उन्होंने मौके का मुआयना किया है। पुलिस ने एक युवक नरेश को नामजद किया है व कई अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।