जयपुर। राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर मंगलवार को विभिन्न गतिविधियों आयोजित की जायेगी। इस वर्ष की थीम ’यूनिवर्सल एक्सेसेबिलिटी’ रखा गया है।
इस दिन स्मारकों, एयरपोर्ट एवं रेलवे स्टेशन पर पर्यटकों का पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। जंतर मंतर, हवा महल और अल्बर्ट हॉल पर ‘शहनाई वादन‘ की व्यवस्था भी की गई है। राज्य सरकार के स्मारकों में नि:शुल्क प्रवेश दिया जायेगा। इनके अतिरिक्त हेरिटेज वॉक, डिसेबिलिटी ड्राइव, स्मारकों का गाइडेड टूर और कार्यषालाओं के साथ-साथ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इस दिन के कार्यक्रमों की शुरूआत ‘ए वॉक अराउंड द लिविंग कल्चर ऑफ जयपुर‘ थीम पर आधारित हेरिटेज वॉक के साथ होगी। सुबह 8 बजे अजमेरी गेट से इस वॉक की शुरूआत होगी और ‘मणिहारों का रास्ता‘ की शिल्प व कलात्मक को निहारने के बाद जंतर-मंतर पहुंच कर इसका समापन होगा। इस वॉक में ‘लाख‘ विशेषज्ञ, आवाज मुहम्मद के वर्कशॉप पर लाख के शिल्पकारी की प्रक्रिया को समझना भी शामिल होगा। पर्यटन क्षेत्र में विविधता को सेलीब्रेट करने के लिए वॉक के समापन बिंदु, जंतर मंतर पर विशेष योग्यजन को साइट विजिट भी कराई जाएगी। यह वॉक संयुक्त रूप से पर्यटन विभाग; पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग, राजस्थान; जयपुर नगर निगम और द्रोण फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित की जा रही है। वॉक के बाद दो समानांतर कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्कूली बच्चों के लिए पोस्टकार्ड मेकिंग तथा कॉलेज विद्यार्थियों व अन्य प्रतिभागियों के लिए फोटोमोंटाज कार्यशाला जंतर मंतर पर आयोजित की जायेगी।