बाड़मेर। शहर के सबसे व्यस्त सिणधारी चौराहे पर सोमवार दोपहर एक ट्रक ने मोटर साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कुडला निवासी खींयाराम अपनी पत्नी वरजू के साथ बाइक पर जा रहा था। बाड़मेर शहर के बीचोंबीच सिणधरी चौराहे पर तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक और खींयाराम तो उछल कर दूर गिर गए, लेकिन महिला ट्रक के टायरों के नीचे आ गई। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।