अपराधियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई : मालिनी अग्रवाल
khaskhabar.com: शनिवार, 25 मार्च 2017 7:05 PM (IST)
टोंक। अजमेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक मालिनी अग्रवाल ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था बिगडऩे नहीं दी जाएगी। वे जिले के दो दिवसीय निरीक्षण के बाद शनिवार को पुलिस लाइन में मीडिया से बात कर रही थीं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवनीश शर्मा सहित पुलिस टीम की अपराधों में कमी लाने, चोरी, हत्या जैसे विचाराधीन मामलों का खुलासा करने पर उनकी पीठ थपथपाई।
अग्रवाल ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पुलिस के साथ ही जनता का भी दायित्व है कि अपराधियों की जानकारी पुलिस को दे, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अब टोंक पुलिस पूरी तरह ऑनलाइन हो चुकी है। साथ ही शहर में सीसीटीवी कैमरे लग चुके हैं। इससे अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के क्वार्टर्स सहित कुछ समस्याएं सामने आई हैं। इनका जल्द समाधान किया जाएगा। टोंक जिले में दो नए पुलिस थाने एवं तीन पुलिस चौकियां बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है।