जगदीश प्रसाद शर्मा उज्ज्वल की किताबों का लोकार्पण 28 को
khaskhabar.com: शनिवार, 20 अगस्त 2016 10:26 PM (IST)
बीकानेर। मुक्ति संस्था द्वारा कवि-कहानीकार जगदीश प्रसाद शर्मा उज्ज्वल के सद्य प्रकाशित दो कविता-संग्रहों का लोकार्पण समारोह 28 अगस्त को होगा। इस मौके पर उनका अभिनंदन किया जाएगा। संस्था के सचिव राजेन्द्र जोशी ने बताया कि स्थानीय नागरी भंडार स्थित नरेन्द्रसिंह ऑडिटोरियम में होने वाले कार्यक्रम में वरिष्ठ कवि-संपादक डॉ. भवानीशंकर व्यास विनोद एवं मुख्य अतिथि रायसिंह नगर के वरिष्ठ कवि-आलोचक डॉ. मंगत बादल, विशिष्ट अतिथि के रूप में व्यंग्यकार कहानीकार बुलाकी शर्मा एवं स्वागताध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यकार-पत्रकार मधु आचार्य आशावादी कवि जगदीश प्रसाद शर्मा उज्ज्वल का अभिनंदन करेंगे। कार्यक्रम के समन्वयक रजनीश भारद्वाज ने बताया कि लंबी साहित्य साधना के बड़े अंतराल पर दो कविता संग्रहों ‘अभी शेष है’ एवं ‘संभावनाओं का सुख’ के रूप में आने से यह क्रम फिर से आरंभ हुआ है और जल्द ही कवि उज्ज्वल के अप्रकाशित साहित्य का अन्य पुस्तकों के रूप में प्रकाशन होगा। उन्होंने कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है।