Advertisement
ऑस्ट्रेलिया के फ्लिंडर्स द्वीप पर जंगल की आग हुई भीषण, बाहर निकलना हुआ जानलेवा

फ्लिंडर्स द्वीप ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण-पूर्वी राज्य विक्टोरिया और मुख्य तस्मानियाई द्वीप के बीच बास स्ट्रेट में स्थित है। बुधवार को जारी आपातकालीन चेतावनी जिस इलाके के लिए थी, वहां 2021 की राष्ट्रीय जनगणना के समय लगभग 43 लोग रहते थे।
अग्निशमन अधिकारियों ने लोगों को घर के भीतर ऐसे कमरे में शरण लेने की सलाह दी है, जहां से बाहर निकलने के रास्ते स्पष्ट हों। उन्हें सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने तथा एयर कंडीशनर बंद करने को कहा गया है।
चेतावनी में कहा गया कि घना धुआं और हवा के साथ उड़कर आने वाली आग की चिंगारियां आसपास के इलाकों को भी खाक कर सकती हैं। छोटी-छोटी जगहों पर आग भड़क सकती है और घरों को खतरा पैदा हो सकता है।
मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, द्वीप के एक प्राकृतिक अभयारण्य में बिजली गिरने के कारण आग लगी थी और अब तक करीब 3,000 हेक्टेयर जमीन इसकी चपेट में आ चुकी है।
ऑस्ट्रेलिया में जंगल की आग का खतरा केवल तस्मानिया तक सीमित नहीं है। इससे पहले 20 नवंबर को पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया (डब्ल्यूए) के अधिकारियों ने पर्थ के उत्तरी उपनगरों में भी जंगल की बेकाबू आग को लेकर आपातकालीन चेतावनी जारी की थी। उस समय आसपास के निवासियों को संभावित निकासी के लिए तैयार रहने को कहा गया था।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग (डीएफईएस) ने स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:20 बजे के कुछ देर बाद चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि मध्य पर्थ से लगभग 35 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में आग तेजी से फैल रही है। बदलते हालात के बीच लोगों की जान और घरों को खतरा हो सकता है।
विभाग ने कहा था कि जो लोग सुरक्षित स्थान पर जाना चाहते हैं, उन्हें तत्काल निकल जाना चाहिए और अपने साथ रेडियो, प्राथमिक उपचार किट, सुरक्षा के लिए जरूरी कपड़े तथा ऐसी कीमती चीजें ले जानी चाहिए, जिन्हें दोबारा हासिल करना संभव नहीं है।
वहीं, अपने घर और संपत्ति की सुरक्षा के लिए वहीं रुकने की योजना बना रहे लोगों को आग से निपटने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार रहने, आग से बचाव करने वाले कपड़े पहनने और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दी गई थी।
डीएफईएस ने लोगों से 'अंतिम तैयारियां पूरी करने' और अपनी संपत्ति के आसपास गश्त कर आग की छोटी-छोटी लपटों को फैलने से रोकने के लिए कदम उठाने को कहा था। आग बुझाने के अभियान में जमीन पर मौजूद अग्निशमन कर्मियों की मदद के लिए विमानों को भी तैनात किया गया था।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


