Webinar organized on Constitution Day-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:15 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

संविधान दिवस पर वेबिनार का आयोजन

khaskhabar.com: शुक्रवार, 20 नवम्बर 2020 4:33 PM (IST)
संविधान दिवस पर वेबिनार का आयोजन
जयपुर । भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रादेशिक लोक सम्पर्क ब्यूरो, जयपुर द्वारा 71वें संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की शृंखला में एक वेबिनार का आयोजन किया गया। इसका विषय “संविधान की प्रस्तावना, मूल भावना: मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य” था। वेबिनार के आरम्भ में प्रादेशिक लोक सम्पर्क ब्यूरो की निदेशक ऋतु शुक्ला ने बताया कि प्रति वर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाये जाने का उद्देश्य यह है कि देशवासी संविधान के महत्व और इसके निर्माताओं की भूमिका से परिचित हो सकें। उन्होंने कहा कि संविधान से जहां नागरिकों को अनेक अधिकार प्राप्त हुए हैं वहीं एक नागरिक के नाते हमारे मूलभूत कर्तव्य भी हैं जिनके बारे में जागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अधिकारों की मांग के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होने की आवश्यकता है।
वेबिनार के मुख्य वक्ता वरिष्ठ अधिवक्ता और राजस्थान के पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता डॉ अभिनव शर्मा थे। उन्होंने संविधान निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 1947 में भारत को एक विखण्डित और विभाजित समाज की विरासत मिली थी जो जातिवाद, गरीबी और शोषण से ग्रस्त था। भारत की संविधान सभा ने इन सभी विसंगतियों को समाप्त करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। संविधान सभा के सदस्यों में सभी विचारधाराओं का प्रतिनिधित्व था और इसके सभी निर्णय सर्वसम्मति से लिए गये। इसी कारण हमारा संविधान लिखित, विस्तृत और विश्व के श्रेष्ठतम संविधानों में से एक बन सका।
डॉ अभिनव शर्मा ने कहा कि संविधान ने हमें न्याय, स्वतंत्रता और समता का अधिकार दिया है लेकिन इसके साथ ही राष्ट्र की भी नागरिकों से कई अपेक्षाएँ हैं। हमें संविधान और देश की संस्थाओं और प्रतीकों जैसे राष्ट्र ध्वज, राष्ट्र गीत आदि का पूरा आदर करना चाहिये। उन्होंने बताया कि भारत के संविधान का उद्देश्य देश के लम्बे समय से संजोये गये सपनों को सच करना है। इसलिए हमें अपने अधिकारों के बारे में जागरूक होने के साथ-साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी पूरी निष्ठा के साथ करना चाहिये।

वेबिनार के अंत में प्रादेशिक लोक सम्पर्क ब्यूरो, जयपुर की निदेशक ऋतु शुक्ला ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करवाया। इस वेबिनार में अजमेर, कोटा, जोधपुर और सवाई माधोपुर स्थित क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो की भागीदारी रही। वेबिनार का प्रादेशिक लोक सम्पर्क ब्यूरो के ट्विटर हैंडल से सीधा प्रसारण भी किया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement