khaskhabar.com: मंगलवार, 09 अगस्त 2016 8:52 PM (IST)
डूंगरपुर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे मंगलवार को डूंगरपुर के दशहरा मैदान में 229 करोड़ रूपये के विकास कार्याें के शिलान्यास और लोकार्पण किया । मुख्यमंत्री ने कहा कि डूंगरपुर जिले के विकास के लिए सरकार ने पिछले ढाई साल में 1 हजार करोड़ रूपये से अधिक खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा टीएसपी एरिया के लिए अलग से सर्विस केडर का गठन किया गया है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब जनता के सेवक है, जनता के राजा नहीं । हमारा काम जनता की सेवा करना है, उसे राहत पहुंचाना है। आज जो कुछ भी हैं, वह जनता की वजह से है।
यदि सभी जनप्रतिनिधि और सभी अधिकारी इस भावना के साथ काम करें, तो हर हाल में उस व्यक्ति का कल्याण होगा जो अभाव में जी रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब को सरकारी योजनाओं का पूरा पैसा मिले, इसके लिए उन्होंने भामाशाह योजना शुरू की है। डायरेक्टर बेनिफिट ट्रांसफर करने की यह योजना लागू करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य है।
उन्होंने कहा कि भामाशाह योजना के माध्यम से उनकी सरकार बिना किसी मध्यस्थ के लाभार्थियों को शत-प्रतिशत सरकारी योजनाओं का पैसा पहुंचा रही है।उन्होंने कहा कि इन्दिरा आवास योजना में जिस तरह की गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, उससे लगता है इस योजना में गरीब को छत नहीं मिल रही।
इसलिए अब हमारी सरकार इस योजना को प्रभावी बनायेगी, ताकि पैसे का सदुपयोग हो सके और गरीब को आवास मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान में शौचालय खानापूर्ति के रूप में न बनाएं। उन्हें ऐसा बनाएं कि वो काम आ सके।श्रीमती राजे ने कहा कि जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल की तरह राजस्थान में ग्लोबल एजूकेशन फेस्टिवल भी होना चाहिए, जिससे कि शिक्षा के क्षेत्र में विश्वभर में हो रहे नवाचारों का लाभ राजस्थान को मिल सके और राजस्थान शिक्षा के क्षेत्र में भी अग्रणी राज्य बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जिलों में शिक्षकों की कमी है, वहां कमी दूर करने के लिए अगस्त माह के अंत तक नए शिक्षक देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर में और दिसम्बर 2016 में प्रस्तावित शिक्षक भर्ती से यह कमी काफी हद तक दूर हो जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेढ़ लाख शिक्षकों को उनकी पसंद के स्थान पर पोस्टिंग दी गई है।