शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे तहसीलदार उमा मित्तल, टिब्बी थाना प्रभारी
भंवरलाल, विकास अधिकारी देशराज बिश्नोई, नायब तहसीलदार रेखराज व हल्का
पटवारी ज्योति टिब्बी व हनुमानगढ़ पुलिस लाइन के भारी पुलिस जाब्ते के साथ
अतिक्रमण हटाने गांव में पहुंचे। जब प्रशासन ने जेसीबी से अतिक्रमण हटाना
शुरू किया तो वार्ड पंच रिछपाल सिंह ने इसका विरोध किया, लेकिन प्रशासन ने
एक नहीं सुनी। इससे आक्रोशित रिछपाल सिंह गांव में स्थित जलदाय विभाग की
पानी की टंकी पर चढ़ गया तथा कार्रवाई बंद न करने पर आत्महत्या की धमकी दी।
पानी की टंकी पर चढऩे से प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।
उन्होंने रिछपाल से समझाइश शुरू की। आखिरकार करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद
दोपहर 12 बजे वार्ड पंच को टंकी से नीचे उतारने में प्रशासन को सफलता
मिली। पुलिस ने नीचे उतरते ही रिछपाल को हिरासत में ले लिया तथा थाने ले
गई। इस सबके बीच जेसीबी से अतिक्रमण को हटा दिया गया। उधर, अतिक्रमण हटाने
की कार्रवाई के दौरान काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा रही।