बूंदी। देई थाना क्षेत्र के कालामाल गांव में रविवार को अपहरण के आरोपी को पकडऩे गई नैनवां पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। इस दौरान पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन लोग उसे छुड़ा ले गए।
पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल को थाने में अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। इस पर पुलिस आरोपी को पकडऩे गई थी। गांव में लोगों ने अपहरण के आरोपी को बचाने का प्रयास किया। इस कारण नैनवां थाना पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में कांस्टेबल रामखिलाड़ी का जबड़ा टूट गया। घटना के बाद नैनवां, देह व बूंदी पुलिस लाइन का जाब्ता गांव में पहुंच गया। इससे पूरा गांव छावनी में बदल गया। घायल कांस्टेबल को जयपुर रेफर किया गया है।