US tariff crisis: Rajasthan handicraft exporters seek help from PM Narendra Modi-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अमेरिकी टैरिफ का संकट : राजस्थान के हस्तशिल्प निर्यातकों ने पीएम नरेंद्र मोदी से मांगी मदद

khaskhabar.com: बुधवार, 13 अगस्त 2025 7:15 PM (IST)
अमेरिकी टैरिफ का संकट : राजस्थान के हस्तशिल्प निर्यातकों ने पीएम नरेंद्र मोदी से मांगी मदद
जयपुर। राजस्थान हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स जॉइंट फोरम ने एमएसएमई क्षेत्र के हस्तशिल्प निर्यातकों के समक्ष अमेरिकी टैरिफ से उत्पन्न संकट से बाहर लाने के लिए एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अविलंब दखल का आग्रह किया है। फोरम के कोऑर्डिनेटर नवनीत झालानी ने पत्र में कहा कि भारत एवं राजस्थान के अधिकांश हस्तशिल्प उद्यमी निर्यातक अपने कुल निर्यात का लगभग 50 प्रतिशत अमेरिका को निर्यात करते हैं और सभी उद्योग अमेरिकी ऑर्डर्स पर ही निर्भर रहते हैं। प्रधानमंत्री से गत 10 अगस्त को लिखे पत्र के मुद्दों पर शीघ्र समाधान की मांग के साथ ही कुछ अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी आज के पत्र में उठाया गया है। झालानी ने बताया कि अमेरिका द्वारा जारी एक्जीक्यूटिव ऑर्डर के अनुसार भारत से जाने वाला जो भी माल 28 अगस्त से पूर्व जहाज पर चढ़ा दिया जाएगा तथा 17 सितंबर, 2025 से पूर्व अमेरिका में प्रवेश कर जाएगा, केवल वही माल 25 प्रतिशत टैरिफ पर प्रविष्ट होगा। इसके बाद जाने वाले माल पर 25 प्रतिशत ऑयल रिलेटेड टैरिफ भी लगाया जाएगा जो कुल 50 प्रतिशत बैठेगा।
फोरम ने कहा है कि इसी पीरियड में भारत में रक्षाबंधन, जन्माष्टमी तथा स्वतंत्रता दिवस जैसे पर्व व त्यौहार भी पड़ रहे हैं जिससे श्रमिकों तथा ट्रकों की कमी उत्पन्न हो गई है और निर्यातकों का माल बंदरगाहों पर नहीं पहुंच पा रहा। इसके साथ ही गत दो तीन दिन से तकनीकी खराबी की वजह से कस्टम का केंद्रीकृत ईडीआई सिस्टम भी ठीक से काम नहीं कर पा रहा जिससे निर्यात के शिपिंग बिल समय पर जनरेट नहीं हो पा रहे हैं, जिसकी वजह से कंटेनर जहाजों पर नहीं चढ़ पाए।
पत्र में झालानी ने आगे बताया कि अमेरिकी बायर्स 50 प्रतिशत टैरिफ पर माल लेने को तैयार नहीं हैं और उन्होंने लगभग सभी निर्यातकों को ईमेल भेजकर अपने ऑर्डर्स होल्ड पर डालने को कहा है अथवा रद्द कर दिए हैं। इन सभी कारणों से निर्यातक भारी आर्थिक परेशानी में फंस गए हैं और उनके रनिंग ऑर्डर्स भी संकट में आ गए हैं। अनेकों निर्यातक अपनी फैक्ट्रियां बंद करने तथा श्रमिकों को निष्कासित करने को मजबूर हो रहे हैं। राजस्थान में हस्तशिल्प उद्योग से जुड़े लाखों श्रमिकों के बेरोजगार होने का संकट है तथा उद्यमी भी समय पर अपनी टैक्स और बैंक की देयता पूरी नहीं कर पाएंगे।
राजस्थान के समस्त हस्तशिल्प निर्यातकों की ओर से झालानी ने मांग रखी कि 28 अगस्त, 2025 के बाद अमेरिका को एक्सपोर्ट होने वाले हस्तशिल्प उत्पादों पर तब तक के लिए 20 प्रतिशत इंसेंटिव अविलंब घोषित किया जाए, जब तक कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय ट्रेड एग्रीमेंट साइन नहीं हो जाता। इससे उद्यमी अपना प्रोडक्शन जारी रख सकेंगे और श्रमिकों की नौकरियां भी बरकरार रहेगी। भारत सरकार की पहल पर शिपिंग कॉरपोरेशन जहाजों तथा कंटेनरों की बल्क बुकिंग कर लॉजिस्टिक लागत काम करने की दिशा में कार्य करने का आग्रह भी पत्र में किया गया है जिससे कुछ हद तक टैरिफ से हुए नुकसान की भरपाई की जा सके।
फोरम की ओर से एमएसएमई निर्यातकों को बैंकों द्वारा दिए गए ईपीसी वर्किंग कैपिटल ऋणों को चुकाने की समय सीमा में वृद्धि किए जाने तथा फैक्ट्री एवं मशीनों आदि के लिए लिये गए टर्म लोन को चुकता करने में भी ग्रेस पीरियड की मांग की गई है। निर्यातकों के जीएसटी रिफंड्स का त्वरित भुगतान किए जाने तथा तकनीकी कारणों से रुके हुए जीएसटी रिफंड्स एवं ड्यूटी ड्रॉबैक दावों का विशेष अभियान के माध्यम से निपटान किए जाने के लिए भी पत्र में प्रधानमंत्री से आग्रह किया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement