Advertisement
अमेरिका ने भारत समेत 14 देशों पर नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया, भारतीय सामान पर 25 प्रतिशत तक शुल्क संभव: चीन पर सबसे ज्यादा 40 प्रति. और वियतनाम पर 35 प्रति. टैरिफ की तैयारी

वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन ने वैश्विक व्यापार नीति में एक और बड़ा कदम उठाते हुए भारत समेत 14 प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों से आने वाले सामान पर नए टैरिफ (आयात शुल्क) लगाने का प्रस्ताव पेश किया है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) द्वारा तैयार इस प्रस्ताव के तहत भारतीय उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया जा सकता है। इस सूची में सबसे अधिक 40 प्रतिशत टैरिफ चीन पर और 35 प्रतिशत वियतनाम पर लगाने की सिफारिश की गई है। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि ये देश अपनी आवश्यकता से कहीं अधिक वस्तुओं का उत्पादन (ओवरकैपेसिटी) कर उन्हें बेहद कम कीमतों पर वैश्विक बाजार में बेच रहे हैं, जिससे अमेरिकी घरेलू उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सेक्शन 301 की जांच के बाद प्रस्तावित की गई नई दरें; जानिए किस देश पर कितना शुल्क
मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की जांच के आधार पर कार्रवाई: अमेरिका ने अपने व्यापार कानून के सेक्शन 301 के तहत विदेशी विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्रों की व्यापक जांच की थी। इसमें यह आकलन किया गया कि अत्यधिक उत्पादन का अमेरिकी कारोबार और प्रतिस्पर्धात्मकता पर क्या प्रभाव पड़ रहा है। इसी जांच के निष्कर्षों के आधार पर भारत सहित 14 देशों पर यह नया शुल्क प्रस्तावित किया गया है। इससे पूर्व जुलाई में भी अमेरिका ने जबरन मजदूरी (फोर्स्ड लेबर) के मुद्दे पर 60 व्यापारिक साझेदारों पर 10% से 12.5% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाया था।
प्रमुख देशों के लिए प्रस्तावित टैरिफ का दायरा :
चीन: सबसे अधिक 40% तक टैरिफ।
वियतनाम: 35% तक टैरिफ।
भारत सहित 7 देश: 25% तक टैरिफ।
बांग्लादेश, यूरोपीय संघ (EU), जापान, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर: 20% तक टैरिफ।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर टिकीं निगाहें; समझौता होने पर 17% पर रुक सकता है टैरिफ
व्यापार वार्ता सफल होने पर राहत का विकल्प: अमेरिका ने भारत के सामने द्विपक्षीय व्यापार समझौते (ट्रेड डील) के जरिए इस बढ़े हुए शुल्क से बचने का विकल्प खुला रखा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीयर के अनुसार, यदि भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता किसी सकारात्मक समझौते पर पहुंचती है और जांच में उठाई गई चिंताओं का समाधान हो जाता है, तो भारतीय सामान पर टैरिफ को 17 प्रतिशत तक सीमित रखा जा सकता है। हालांकि, समझौता न होने की स्थिति में इसे बढ़ाकर 25 प्रतिशत किया जा सकता है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दोबारा शुरू हुई थी बातचीत: गौरतलब है कि फरवरी 2026 में भारत और अमेरिका ने एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा (फ्रेमवर्क) तैयार की थी, जिसके बाद भारतीय उत्पादों पर पूर्व में लगे 50% के दंडात्मक टैरिफ को घटाकर 18% कर दिया गया था। लेकिन बाद में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति की आपातकालीन शक्तियों के तहत लगाए गए व्यापक शुल्कों को अमान्य करार दिए जाने के कारण 10% की बेसलाइन दर लागू हुई और दोनों देशों को समझौते पर बातचीत नए सिरे से शुरू करनी पड़ी। भारत का प्रयास है कि अमेरिकी बाजार में उसके उत्पादों पर बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम शुल्क लागू हो।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


