Urban Service Camp: On-the-spot resolution of issues in Civil Lines Zone-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

शहरी सेवा शिविर : सिविल लाइंस जोन में मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान

khaskhabar.com: सोमवार, 06 जुलाई 2026 7:03 PM (IST)
शहरी सेवा शिविर : सिविल लाइंस जोन में मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान
जयपुर। नगर निगम जयपुर द्वारा राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित 'शहरी सेवा शिविर-2026' के तहत सोमवार को सिविल लाइंस जोन कार्यालय, मोचियों की छबील स्थित साईस पार्क के पास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया तथा कई लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण किया गया। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर नगर निगम से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराना और लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करना है। शिविरों में आमजन की सुविधा के लिए बिजली, पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और हेल्प डेस्क की भी विशेष व्यवस्था की गई।
मौके पर मिली राहत

नगर निगम के अनुसार, हवामहल-आमेर जोन में आयोजित शिविर में जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 178 आवेदन प्राप्त हुए और सभी 178 प्रमाण पत्र मौके पर जारी किए गए। इसके अलावा 28 नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा 59 स्ट्रीट लाइट मरम्मत संबंधी शिकायतों का समाधान किया गया।
फ्रीहोल्ड पट्टा मिलने से नागरिकों में खुशी
सिविल लाइंस जोन में आयोजित शिविर में बजरंग कॉलोनी, सोडाला निवासी राजेश ने अपने मकान के फ्रीहोल्ड पट्टे के लिए आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज पूरे होने के बाद नगर निगम ने उन्हें शिविर में ही फ्रीहोल्ड पट्टा उपलब्ध कराया। राजेश ने कहा कि बिना किसी परेशानी के उनका कार्य बेहद कम समय में पूरा हो गया।
इसी प्रकार केशव पथ, सिविल लाइंस निवासी अभिमन्यु सिंह को भी आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिविर में ही उनके मकान का फ्रीहोल्ड पट्टा सौंपा गया। उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए राज्य सरकार और नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
मंगलवार को यहां लगेंगे शिविर
नगर निगम के अनुसार 7 जुलाई को दो स्थानों पर शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे—
मुरलीपुरा जोन: मुरलीपुरा जोन कार्यालय, मुरलीपुरा सब्जी मंडी के पास।
सांगानेर जोन: अंबेडकर भवन, सामुदायिक केंद्र, सांगानेर जोन कार्यालय के पास।
नगर निगम ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement