Uproar in Banswara Following Murder: Youth Hacked to Death with Axe-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 27, 2026 10:59 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बांसवाड़ा में मर्डर के बाद बवाल : युवक की कुल्हाड़ी मार कर हत्या, गुस्साई भीड़ ने घरों में लगाई आग, पुलिस पर भी पथराव

khaskhabar.com: सोमवार, 27 अप्रैल 2026 09:22 AM (IST)
बांसवाड़ा में मर्डर के बाद बवाल : युवक की कुल्हाड़ी मार कर हत्या, गुस्साई भीड़ ने घरों में लगाई आग, पुलिस पर भी पथराव
बांसवाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले का टामटिया गांव रविवार रात रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद भड़की हिंसा में उग्र भीड़ ने आरोपी पक्ष के घरों और बाड़ों को आग के हवाले कर दिया। स्थिति को संभालने पहुँची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसके बाद पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि मामला मोटा गांव थाना क्षेत्र का है। मृतक युवक किसी पुराने विवाद को सुलझाने के लिए आरोपी पक्ष के घर गया था। वहां दोनों के बीच कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी पक्ष ने कुल्हाड़ी से युवक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। भीड़ ने कानून हाथ में लेते हुए आरोपी पक्ष के घरों और बाड़ों में तोड़फोड़ शुरू कर दी और कई जगहों पर आग लगा दी। आग की लपटें देख गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जब स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुँची, तो उग्र भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया और उन्हें घेरने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख जिला मुख्यालय से भारी पुलिस जाब्ता बुलाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुधीर जोशी और कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव खुद मौके पर पहुँचे।
वर्तमान स्थिति: गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और फिलहाल शांति बनी हुई है।
प्रशासनिक रुख: कलेक्टर ने कहा कि मामले पर पैनी नजर रखी जा रही है और किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई: पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है और आगजनी करने वालों की भी पहचान की जा रही है।
एसडीएम मनसुख डामोर ने बताया कि यह घटना रात करीब 8 बजे की है। पुलिस बल की तैनाती के बाद अब गांव में तनावपूर्ण शांति है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह जवान तैनात किए गए हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement