-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 3:13 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

यमन के लोगों को 'हम दुनिया की नज़रों से ओझल नहीं होने देंगे'

Source: UN News: शनिवार, 28 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
यमन के लोगों को 'हम दुनिया की नज़रों से ओझल नहीं होने देंगे'
यमन में अस्पतालों व राहतकर्मियों पर हमले हो रहे हैं जबकि आधी आबादी को सहायता की आवश्यकता है. लड़ाई, असुरक्षा और सामान की आपूर्ति के लिए अहम मार्गों पर पाबन्दियों से ज़रूरतमन्द परिवारों तक भोजन व दवाएँ पहुँचा पाना कठिन साबित हो रहा है. यूएन मानवतावादी कार्यालय के प्रमुख टॉम फ़्लैचर हालात के आकलन के लिए यमन पहुँचे हैं, जहाँ उन्होंने जल्द से जल्द सहायता मार्ग मुहैया कराए जाने की अपील की है. आपात राहत मामलों के लिए यूएन अवर महासचिव टॉम फ़्लैचर ने बुधवार को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि देश भर में लाखों लोग भूख से जूझ रहे हैं. अरब प्रायद्वीप में स्थित देश पिछले कई वर्षों से जारी टकराव के कारण तबाह हो चुका है और अब इसे और गहरे संकट की ओर धकेला जा रहा है.उन्होंने ध्यान दिलाया कि दुनिया भर में मानवीय सहायता प्रयास “अपनी क्षमता से अधिक बोझ झेल रहे हैं, धन की कमी से जूझ रहे हैं और हमलों का सामना कर रहे हैं.” उनके अनुसार यमन में राहत प्रयासों की स्थिति सबसे अधिक बिगड़ी हुई है. “हम यमन के लोगों को दुनिया की नज़रों से ओझल नहीं होने देंगे.”वर्ष 2014 से, ईरान द्वारा समर्थित हूथी लड़ाकों (अंसार अल्लाह गुट) का सऊदी अरब समर्थित यमनी सरकार से टकराव रहा है. हूथी अलगाववादियों का राजधानी सना समेत अन्य इलाक़ों पर क़ब्ज़ा है, जबकि अन्तरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त यमनी सरकार अदन में स्थित है.यूएन की मध्यस्थता में फ़रवरी 2022 में संघर्षविराम हुआ था, जिसके बाद देश में अपेक्षाकृत शान्ति व्याप्त हुई थी, लेकिन 3 सितम्बर को देश में फिर भड़के हिंसक टकराव के साथ, हूथी लड़ाकों (अंसार अल्लाह गुट) और यमनी सुरक्षा बलों के बीच यह सहमति टूट गई है.इसके बाद लड़ाई की वजह से देश के पश्चिमी तट के इलाक़ों और ताइज़ शहर से लोगों के विस्थापन और सहायता आवश्यकताओं में तेज़ी आई है.अवर महासचिव फ़्लैचर ने कहा कि युद्ध प्रभावित इलाक़ों में परिवारों को जीवित रहने के लिए आवश्यक भोजन और दवाएँ नहीं मिल पा रही हैं. ताइज़ शहर में लोगों की स्थिति बेहद चिन्ताजनक है. © WFP/Sara Cuevas Gallardo यमन में संघर्ष बढ़ने के कारण विस्थापित हुए लोगों के लिए आपातकालीन खाद्य सामग्री वितरित की जा रही है. सहायता मार्ग ज़रूरीउन्होंने कहा कि वह यमनी नागरिकों तक तत्काल मानवीय सहायता पहुँचाने का मार्ग सुनिश्चित करने के इरादे से यमन आए हैं. इस वर्ष, अगस्त महीने से लगभग 3.64 लाख लोग अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर हुए हैं, जिनमें से हज़ारों लोग पिछले सप्ताह ही विस्थापित हुए हैं.मानवीय सहायता कार्यों के लिए धनराशि की गम्भीर क़िल्लत ने अन्तरराष्ट्रीय राहत प्रयासों के लिए एक नई चुनौती खड़ी कर दी है. टॉम फ़्लैचर ने उन राहतकर्मियों के प्रति एकजुटता व्यक्त की है, जो बेहद जोखिम भरी परिस्थितियों में निरन्तर अपने दायित्व को निभा रहे हैं.“मैं अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से हमारे मानवीय राहत कार्यों के लिए अपना समर्थन बढ़ाने का आग्रह करूँगा.”उन्होंने कहा कि तात्कालिक प्राथमिकताओं में ज़रूरतमन्द नागरिकों तक सुरक्षित ढंग से निरन्तर मानवीय सहायता पहुँचाना है, जिसमें ताइज़ को विशेष रूप से प्राथमिकता दी जानी होगी.बन्धकों की रिहाई की अपीलमानवतावादी प्रमुख ने हूथी लड़ाकों को सीधे सम्बोधित करते हुए कहा कि हिरासत में रखे गए यूएन कर्मचारियों और अन्य मानवीय राहतकर्मियों को तत्काल, बिना किसी शर्त के रिहा किया जाना होगा. पिछले महीने, यमन में यूएन मानवाधिकार कार्यालय के एक कर्मचारी की हूथी विद्रोहियों की हिरासत में मौत होने की ख़बर आई थी, जिन्हें दो साल से अधिक समय तक हिरासत में रखा गया था.15 अक्टूबर तक, संयुक्त राष्ट्र के 71 कर्मचारी हूथी विद्रोहियों की हिरासत में थे. जून में यूएन महासचिव के कार्यालय ने बताया था कि हिरासत में रहते हुए संयुक्त राष्ट्र के एक कर्मचारी की पहले ही मौत हो चुकी थी.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement