-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत: उत्तराखंड की कृषि परम्पराओं और विरासत को सहेजतीं महिला किसान

Source: UN News: गुरुवार, 26 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
भारत: उत्तराखंड की कृषि परम्पराओं और विरासत को सहेजतीं महिला किसान
भारत के उत्तराखंड राज्य के पहाड़ी गाँवों में क़रीब 700 महिला किसान पारम्परिक फ़सलों को संरक्षित रखने और जलवायु चुनौतियों से निपटने के लिए एकजुट हुई हैं. पिछली कई पीढ़ियों से चले आ रहे कृषि सम्बन्धी ज्ञान के सहारे ये महिलाएँ न केवल अपनी आजीविका को मज़बूत कर रही हैं, बल्कि कृषि विरासत को भी बचा रही हैं. हिमालय की गोद में बसे उत्तरकाशी ज़िले में खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है. यहाँ ग्रामीण जीवन, महिलाओं की मेहनत, बदलते मौसम के अनुरूप ढलने की क्षमता और पीढ़ियों पुराने कृषि ज्ञान पर टिका है.धान और मोटे अनाज की पारम्परिक क़िस्मों को सहेजने से लेकर सर्दियों के लिए पशुओं के चारे का इन्तज़ाम करने तक, महिलाएँ अपनी कृषि विरासत बचाते हुए बेहतर भविष्य की नींव रख रही हैं.इन प्रयासों के केन्द्र में हैं, महिला किसान स्वतंत्रि बंधानी, जिनके दृढ़ संकल्प ने सैकड़ों अन्य महिलाओं को प्रेरित किया है. © Abdul Bari Delawery/Giloy Ghar Film Collective गढ़वाल की पारम्परिक ‘गाती धोती’ शैली में साड़ी और सिर पर ‘धातु’ (ओढ़नी) बाँधे स्वतंत्रि को अपनी साँस्कृतिक विरासत पर गर्व है. बचपन से बुलन्द हौसलेगढ़वाल की पारम्परिक ‘गाती धोती’ (साड़ी पहनने का स्थानीय तरीक़ा) शैली में साड़ी और सिर पर ‘धातु’ (पारम्परिक ओढ़नी) बाँधे स्वतंत्रि को अपनी साँस्कृतिक विरासत पर गर्व है.मगर आत्मनिर्भरता का उनका सफ़र आसान नहीं रहा. सात भाई-बहनों में तीसरे स्थान की स्वतंत्रि को आर्थिक तंगी के कारण क़रीब 12 वर्ष की उम्र में पढ़ाई छोड़ने के लिए कहा गया था.उन्होंने हार नहीं मानी और स्वतंत्रता सेनानी रहे अपने दादा को मिलने वाली शैक्षणिक सहायता के सहारे अपनी पढ़ाई जारी रखी.वो याद करती हैं, “मैंने अपने पिता से कहा, मैं बाबा की मदद से पढ़ाई जारी रखूँगी. मुझे आपसे धन नहीं चाहिए!”उनके इस हौसले ने तीनों छोटी बहनों को भी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया. वर्षों बाद उनका यही जज़्बा अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों में भी झलकता है. © Abdul Bari Delawery/Giloy Ghar Film Collective उत्तराखंड के उत्तरकाशी की पहाड़ियों में लाल धान की कटाई करती महिला किसान. 700 महिलाएँ, एक संकल्पक़रीब 30 महिला किसानों से शुरू हुई इस पहल से अब 110 स्वयं सहायता समूहों की लगभग 700 महिलाएँ जुड़ चुकी हैं.हिमालय के दुर्गम इलाक़ों में खेती करने वाली ये महिलाएँ आपसी सहयोग से आमदनी बढ़ाने के नए रास्ते तलाश रही हैं. इन प्रयासों का एक अहम हिस्सा है, पारम्परिक फ़सलों की खेती को फिर से बढ़ावा देना.उत्तरकाशी के सीढ़ीदार खेतों में उगने वाले लाल चावल और मोटे अनाज की पारम्परिक क़िस्में यहाँ की समृद्ध कृषि विरासत का हिस्सा हैं.स्वतंत्रि और उनके समूह की महिलाएँ लाल चावल, मडुआ (finger millet), झंगोरा (barnyard millet) और कौणी (foxtail millet) जैसी फ़सलों को पुनर्जीवित करने में जुटी हैं. स्थानीय स्तर पर बीज नहीं मिलने पर स्वतंत्रि ने अन्य क्षेत्रों से बीज मँगवाकर महिला किसानों में बाँटे हैं.वह कहती हैं, “हमारे गाँवों की महिला किसान अपने आप में पारम्परिक वैज्ञानिक हैं. वे पीढ़ियों से इन फ़सलों की खेती करती आई हैं और उनके पास ज्ञान का अनमोल भंडार है.” © Abdul Bari Delawery/Giloy Ghar Film Collective महिला किसान स्वतंत्रि बंधानी ने अपने दृढ़ संकल्प से सैकड़ों अन्य महिलाओं को प्रेरित किया है. जलवायु चुनौतियों का सामनापीढ़ियों से चला आ रहा यह ज्ञान केवल फ़सलों की खेती तक सीमित नहीं है. पहाड़ी गाँवों में बदलते मौसम के अनुरूप जीवन ढालने में भी इसकी अहम भूमिका है.मसलन, सर्दियाँ आने से पहले महिलाएँ जंगली घास इकट्ठा कर पेड़ों की ऊँची शाखाओं पर टाँग देती हैं, ताकि वह सड़े नहीं. बर्फ़बारी के दौरान यही घास पशुओं के चारे के काम आती है.फ़सल की कटाई के दिनों में महिलाएँ इतनी व्यस्त रहती हैं कि परिवारों को अक्सर शादियाँ और अन्य सामाजिक कार्यक्रम तक टालने पड़ते हैं. हालांकि, कठिन परिस्थितियों से निपटने के अनुभव के बावजूद, मौसम की बढ़ती अनिश्चितता ने इन महिलाओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.छोटे और सीमान्त किसानों के लिए एक फ़सल बर्बाद होने का मतलब न केवल आमदनी का नुक़सान है, बल्कि अगली बुआई के लिए संसाधनों का संकट भी है. © Abdul Bari Delawery/Giloy Ghar Film Collective स्वतंत्रि और उनका समूह लाल धान व मोटे अनाज समेत पारम्परिक फ़सलों की खेती को पुनर्जीवित करने में जुटे हैं. बेहतर बाज़ार, मज़बूत आजीविकाऐसे में पारम्परिक फ़सलों की बढ़ती माँग महिला किसानों के लिए आमदनी के नए रास्ते खोल रही है. उत्तरकाशी के लाल चावल को भारत अन्तरराष्ट्रीय व्यापार मेले में प्रदर्शित किया गया है और ‘एक ज़िला, एक उत्पाद’ पहल के तहत मान्यता भी मिली है.होटलों और बड़े ख़रीदारों की बढ़ती दिलचस्पी से किसानों को नए बाज़ार और अपनी उपज के बेहतर दाम मिलने के अवसर मिल रहे हैं.स्वतंत्रि बताती हैं कि पहले मडुआ लगभग 15 रुपए प्रति किलोग्राम बिकता था, जबकि अब इसके लगभग 50 रुपए प्रति किलोग्राम दाम मिल रहे हैं. मगर बदलती जलवायु से पनपते हालात में बेहतर आमदनी के साथ-साथ फ़सल के सम्भावित नुक़सान से सुरक्षा भी ज़रूरी है.इसीलिए स्वतंत्रि, भारत सरकार की प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना (PMFBY) जैसी योजनाओं का लाभ उठाने पर भी ज़ोर देती हैं.वह कहती हैं, “उत्तराखंड जैसी जगह में हर महिला किसान का फ़सल बीमा होना चाहिए. यहाँ कभी भी कुछ भी हो सकता है. बीमा हमें जलवायु सम्बन्धी आपदाओं से हुए नुक़सान से उबरने में मदद करता है. वरना ऐसी आपदाएँ हमारा सब कुछ छीन लेती हैं.”इस लेख का विस्तृत संस्करण यहाँ प्रकाशित हुआ.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement