-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हर घंटे, अपने ही साथी या परिजन के हाथों पाँच महिलाओं की गई जान

Source: UN News: गुरुवार, 26 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
हर घंटे, अपने ही साथी या परिजन के हाथों पाँच महिलाओं की गई जान
एक नए अध्ययन के अनुसार, 2025 के दौरान 47 हज़ार महिलाओं व लड़कियों की उनके अंतरंग साथी (पति या पार्टनर) या परिवार के किसी अन्य सदस्य द्वारा इरादतन हत्या कर दी गई. यानी औसतन हर एक घंटे में पाँच महिलाओं और प्रति दिन 129 महिलाओं को जान से मार दिया गया. मादक पदार्थों एवं अपराध की रोकथाम के लिए यूएन कार्यालय (UNODC) और महिला सशक्तिकरण के लिए यूएन संस्था (UN Women) द्वारा मंगलवार को जारी नए आँकड़ों में यह निष्कर्ष साझा किया गया है.हर वर्ष, 25 नवम्बर को मनाए जाने वाले 'महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के अन्तरराष्ट्रीय दिवस' के सिलसिले में जारी की गई यह रिपोर्ट दर्शाती है कि किसी महिला या लड़की के लिए उसका घर, सबसे ख़तरनाक स्थानों में है. इस स्थिति में पिछले कई वर्षों से कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है.वर्ष 2025 में हुई कुल 78 हज़ार स्त्री-हत्याओं (femicide) में से 60 प्रतिशत मामले किसी अंतरंग साथी या परिवार के सदस्य द्वारा मार दिए जाने के थे. यानी औसतन हर एक घंटे में पाँच महिलाओं, प्रतिदिन 129 महिलाओं की जान ली गई.दुनिया का कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है, जहाँ महिलाएँ या लड़कियाँ स्त्री-हत्या के ख़तरे से सुरक्षित हों.अंतरंग साथी अथवा परिवार के किसी सदस्य द्वारा की जाने वाली स्त्री-हत्याओं की दर के मामले में अफ़्रीका अब भी सबसे आगे है, जहाँ प्रति एक लाख महिला आबादी पर 2.9 मामले दर्ज किए गए. इसके बाद, अमेरिका महाद्वीप (1.4), ओशिनिया (1.1), एशिया (0.6) और योरोप (0.5) का स्थान है.यूएन महिला संस्था के अनुसार, स्त्री-हत्या शायद ही कभी कोई अचानक घटित होने वाली घटना होती है. अनेक महिलाओं और लड़कियों के लिए यह लम्बे समय से चली आ रही हिंसा, धमकियों और दुर्व्यवहार की अन्तिम परिणति होती है, जिसे रोका जा सकता था.लेकिन इसके बावजूद, शारीरिक या यौन हिंसा झेलने वाली अधिकांश महिलाएँ अपने परिवार के सदस्यों, समुदाय या अधिकारियों से कभी मदद नहीं मांगती हैं. बहुत-सी महिलाओं को बिना किसी सुरक्षा के छोड़ दिया जाता है, जबकि हिंसा के अपराधी क़ानून के शिकंजे और न्यायिक कार्रवाई से बच निकलते हैं.हर बार की तरह, यूएन महिला संस्था इस वर्ष भी 25 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक '16 दिनों का सक्रियता अभियान' मनाएगी, जिसकी थीम है: महिलाओं व लड़कियों के विरुद्ध हिंसा का अन्त करने के लिए एकजुटता: न्याय सुनिश्चित, जीवित बच गई महिलाओं की सुरक्षा, दंडहीनता का अन्त. © Unsplash/Nadine E महिलाएं हिंसा का विरोध कर रही हैं. न्याय तक पहुँच कठिनइससे पहले, यूएन वीमैन ने सोमवार को अपनी एक रिपोर्ट में सचेत किया था कि शारीरिक या यौन हिंसा की चपेट में आने वाली हर चार में से केवल एक महिला ही अपने परिवारजन, समुदाय या प्रशासन से किसी तरह की मदद पाने का आग्रह करती हैं. महज़ सात प्रतिशत महिलाएँ ही ऐसी किसी घटना की जानकारी पुलिस को दे पाती हैं. महिला सशक्तिकरण के लिए यूएन संस्था ने हिंसा से गुज़रने वाली महिलाओं और उनकी न्याय तक पहुँच के विषय में 54 देशों में कराए गए एक अध्ययन में यह जानकारी दी है.रिपोर्ट के अनुसार, यदि महिलाएँ अपने अनुभव को सामने लाने के लिए तैयार भी होती हैं, तो भी उनके लिए न्याय की गारंटी नहीं है. यौन हिंसा के अपराध मामलों में दोष साबित होने की सम्भावना सबसे कम होती है.यूएन वीमैन ने 'महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के अन्तरराष्ट्रीय दिवस' से पहले इस अध्ययन के निष्कर्ष साझा किए हैं, जिसे हर वर्ष, 25 नवम्बर को मनाया जाता है. इस वर्ष की थीम है: महिलाओं व लड़कियों के विरुद्ध हिंसा का अन्त करने के लिए एकजुटता: न्याय सुनिश्चित, जीवित बच गई महिलाओं की सुरक्षा, दंडहीनता का अन्त.विश्व स्तर पर, 84 करोड़ महिलाएँ व लड़कियाँ, यानि लगभग हर तीन में से एक, अपने जीवनकाल में शारीरिक और यौन हिंसा का शिकार हुई हैं.यूएन संस्था की डेटा ब्रीफ़ के निष्कर्ष एक ऐसी व्यवस्था को उजागर करते हैं, जहाँ चुप्पी ओढ़ लेना सामान्य है, जवाबदेही एक अपवाद है और किसी महिला को न्याय मिलने की तुलना में अपराधी के बच निकलने की सम्भावना कहीं अधिक है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement