-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:31 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ग़ाज़ा: वित्तीय सहायता में कटौती और पाबन्दियाँ, गुज़र-बसर की विशाल चुनौतियाँ

Source: UN News: शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
ग़ाज़ा: वित्तीय सहायता में कटौती और पाबन्दियाँ, गुज़र-बसर की विशाल चुनौतियाँ
बाढ़ और तूफ़ान की वजह से जलभराव, सीवर की गंदगी, चूहों व बीमारियों को प्रकोप, और बढ़ती ठंड के बीच ज़रूरी सामान की कमी. ग़ाज़ा पट्टी में आम फ़लस्तीनी घटते वित्तीय संसाधनों के बीच आश्रय, भूख समेत अनेक मोर्चों पर संकटों से जूझ रहे हैं और घर-परिवारों के लिए अपनी गुज़र-बसर कर पाना एक विशाल चुनौती है. फ़लस्तीन के लिए विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के देशीय निदेशक शॉन ह्यूग्स ने ग़ाज़ा से लौटने के बाद जिनीवा में पत्रकारों को बताया कि बड़ी संख्या लोग खाना पकाने के लिए कचरे को जलाते हैं. “अब कचरा भी गीला हो गया है.”बारिश के बाद आई बाढ़ और सीवर से निकली गंदगी की वजह से टैंट में खाद्य सामान के भंडार बर्बाद हो गए हैं, जबकि खाना पकाने के लिए गैस या जलाने के लिए लकड़ी या तो उपलब्ध नहीं है या फिर लोगों की पहुँच से बाहर है.हाल के दिनों में, जिस तरह से अस्थाई आश्रय स्थलों को क्षति पहुँची है, उससे सर्दी के महीनों में विस्थापित परिवारों के लिए चिन्ता बढ़ गई है.अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) के क्षेत्रीय समन्वयक कार्ल बेकर ने बताया कि एक दिन की ही बारिश के बाद, हज़ारों शरण स्थल क्षतिग्रस्त या बर्बाद हो गए हैं. एक सप्ताह पहले, रेत के टीले के ढह जाने की वजह से कम से कम पाँच लोगों की जान गई थी. वहीं अपने टैंट में गर्माहट के लिए भीतर ही खाना पकाने की कोशिश में आग लग जाने से दो बच्चे मारे गए थे. © IOM ग़ाज़ा पट्टी में भारी बारिश के बाद अपने आश्रय स्थल के बाहर विस्थापित बच्चे खेल रहे हैं. विशाल विस्थापन, खाद्य संकटसंयुक्त राष्ट्र एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि सहायता धनराशि की क़िल्लत और मानवीय सहायता क़ाफ़िलों पर थोपी गई पाबन्दियों की वजह से दबाव और बढ़ गया है. 17 लाख से अधिक ग़ाज़ावासी विस्थापित हैं और 14 लाख लोग भूख से जूझ रहे हैं. विस्थापित परिवारों के लिए टैंट शिविरों में, यूएन खाद्य कार्यक्रम द्वारा दिन में एक बार गर्म भोजन की व्यवस्था की जाती थी. अब यह घटकर, हर दो दिन में एक आहार तक सीमित हो गई है.खाद्य सुरक्षा के मोर्चे पर, मानवीय सहायता के फलस्वरूप हाल के दिनों में थोड़ी बेहतरी नज़र आई थी, मगर स्थिति अब भी नाज़ुक है, चूँकि आजीविका, बाज़ारों या स्थानीय खाद्य प्रणालियों में हालात नहीं सुधरे हैं.सर्दी के मौसम में बाढ़ और खाद्य भंडारों के नष्ट हो जाने की वजह से परिस्थितियाँ और विकट हो गई हैं.WFP अधिकारी ने बताया कि जब आप ग़ाज़ा में होते हैं, तो युद्धविराम जैसा महसूस नहीं होता है. “इसराइली सेना ने ग़ाज़ा के लगभग 70 फ़ीसदी हिस्से को अपने नियंत्रण में लिया हुआ है, जिसका अर्थ है कि लोगों के पास अपना भोजन उगाने का कोई स्थान नहीं है.”“समुद्र में मछली पकड़ने पर पाबन्दी है और यह जीवन के लिए ख़तरा भी है. बेरोज़गारी 80 प्रतिशत से ऊपर है, और इसलिए मानवीय सहायता के बिना, लोगों के पास अपनी गुज़र-बसर का कोई वैकल्पिक स्रोत नहीं है.”हर प्रकार की मदद ज़रूरीग़ाज़ा में यूएन प्रवासन एजेंसी के कार्यक्रम प्रमुख कार्ल बेकर ने कहा कि वह हर प्रकार की मदद का स्वागत करते हैं, वह किसी भी स्रोत से प्राप्त हो. लेकिन यह ज़रूरी है कि वो सतत हो ताकि किसी तरह सर्दी के मौसम से पार पाया जा सके.मिस्र से एक लाख से अधिक टैंट, रवाना किए जाने की तैयारी है, लेकिन इन अति-आवश्यक सामान की आपूर्ति के लिए सख़्त शर्तों को पूरा करना होता है, जिसमें टैंट के लिए लगाए जाने वाले खम्भे के व्यास को भी मापा जाता है. और फ़िलहाल इसकी अनुमति नहीं दी जा रही है.विस्थापित परिवारों की सुरक्षा के लिए एक अहम उपाय, शिविरों के प्रबन्धन में सुधार लाना भी है. मानवीय सहायता दलों ने पिछले कई महीनों से इसके लिए तैयारियाँ की हैं: निकासी मार्ग खोदे गए हैं, बाढ़ को रोकने के लिए रेत की बोरी लगाने समेत अन्य क़दम उठाए गए हैं.आगामी महीनों में, बाढ़ की रोकथाम, आग सुरक्षा के उपायों, तापन व्यवस्था व प्रकाश के लिए कम से कम 90 लाख डॉलर की आवश्यकता होगी. और फ़ावड़ों, कीलों, व रेत की बोरियों का भी प्रबन्ध किया जाना होगा ताकि स्थानीय समुदायों की रक्षा हो और उनके आश्रय स्थलों को पुख़्ता बनाया जा सके.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement