ग़ाज़ा: ज़िन्दगियाँ लगी हैं दाँव पर, सर्दियों के लिए जल्द सहायता का आग्रह
Source: UN News: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता एजेंसियों और साझेदार संगठनों ने शुक्रवार को जारी अपनी एक अपील में कहा है कि ग़ाज़ा पट्टी में ठंड के मौसम के लिए ज़रूरी सामान व सहायता को जल्द से जल्द पहुँचाया जाना होगा, जहाँ आम फ़लस्तीनियों के जीवन पर जोखिम मंडरा रहा है. बीते सप्ताहांत, मूसलाधार बारिश की वजह से अस्थाई आश्रय स्थलों में जलराव हो गया है और अनेक लोगों की जान गई है.
क़ाबिज़ फ़लस्तीनी इलाक़े में, यूएन एजेंसियों और अन्तरराष्ट्रीय व स्थानीय ग़ैर-सरकारी संगठनों की मानवतावादी टीम ने अपने एक वक्तव्य में कहा है कि ग़ाज़ा में हाल के दिनों में आए बारिश व तूफ़ान से हुई भयावह बर्बादी को रोका जा सकता था. “बच्चों और वयस्कों की जान गई है, अति-आवश्यक सेवाएँ स्थगित हैं, और हज़ारों परिवारों के शरण स्थलों में बाढ़ आ गई है, वे बह गए हैं या फिर दरक गए हैं. केवल तूफ़ान की वजह से नहीं, बल्कि नीतिगत निर्णयों के कारण भी.”मानवीय सहायता टीम ने बताया है कि कई महीने पहले, सर्दियों के मौसम में फ़लस्तीनी आबादी तक राहत पहुँचाने के लिए एक योजना को साझा किया गया था, जिसमें आश्रय के लिए सामान, सर्दी के कपड़े, कम्बल, पम्प, मलबा हटाने और निकासी के लिए उपकरण, रेत की बोरी समेत अन्य सामग्री की ग़ाज़ा में आपूर्ति की बात भी कही गई थी. इस योजना में पर्याप्त धनराशि मुहैया कराए जाने पर भी बल दिया गया, और ध्यान दिलाया गया कि क़ाबिज़ शक्ति के तौर पर इसराइल का यह दायित्व है कि ग़ाज़ा की आबादी की आवश्यकताओं को पूरा किया जाए.मगर, मानवतावादी टीम ने क्षोभ व्यक्त किया है कि इसराइली नीतियों की वजह से अहम सामान के प्रवेश में अवरोध लगाए जा रहे हैं और ग़ाज़ा की अधिकाँश भूमि पर पहुँच पाना भी कठिन है.
UN News
ग़ाज़ा में डेयर अल-बलाह इलाक़े में भारी बारिश के कारण विस्थापन शिविर जलमग्न हो गया है.
निरन्तर बढ़ती आवश्यकताएँवक्तव्य के अनुसार, वित्तीय समर्थन मे गिरावट के बावजूद, 1.5 लाख से अधिक टैंट को ग़ाज़ा के लिए तैयार रखा गया है और उन्हें रवाना करने की अनुमति की प्रतीक्षा है. बारिश के कारण बर्बाद हुए आश्रय स्थलों की संख्या बढ़ रही है, और उन्हें बदले जाने की ज़रूरत है.मानवीय सहायता एजेंसियों ने आगाह किया है कि सर्दी कई महीने तक बनी रहेगी, और इसलिए इस विषय में निर्णय को टाले जाने के बजाय जल्द से जल्द राहत पहुँचानी होगी ताकि जीवन हानि को रोका जाए और लोगों की गरिमा की रक्षा की जाए.उन्होंने सदस्य देशों से आग्रह किया है कि अपने प्रभाव का इस्तेमाल करना होगा, ताकि जल्द क़दमों को उठाया जाए और बिना देरी के वित्तीय समर्थन भी मुहैया कराया जा सके.इस बीच, यूएन के वरिष्ठ अधिकारियों ने ग़ाज़ा के नासेर अस्पताल में बुधवार रात को हुई एक हवाई कार्रवाई में छह लोगों के मारे जाने और 27 अन्य के घायल होने पर गहरी चिन्ता व्यक्त की है. इस घटना में अस्पताल के सर्जरी विभाग में एक मेडिकलकर्मी, मरीज़ और उनके तिमारदार मारे गए हैं. यूएन स्वास्थ्य एजेंसी ने इस घटना पर क्षोभ प्रकट करते हुए कहा है कि ग़ाज़ा में स्वास्थ्य केन्द्र, स्थानीय लोगों के लिए जीवनरेखा हैं, जिनकी हर हाल में रक्षा करनी होगी, सैन्यीकरण या हमले से बचाना होगा.