-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:23 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कॉप31: अन्ताल्या में जलवायु सम्मेलन आरम्भ, क्या वादों को पूरा किया जा सकता है?

Source: UN News: मंगलवार, 10 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
कॉप31: अन्ताल्या में जलवायु सम्मेलन आरम्भ, क्या वादों को पूरा किया जा सकता है?
तुर्कीये में भूमध्यसागरीय तट पर बसे शहर, अन्ताल्या में लगभग 200 देशों के प्रतिनिधि एक अलग महत्वाकाँक्षा के साथ यूएन के वार्षिक जलवायु सम्मेलन (कॉप31) में हिस्सा लेने के लिए पहुँचे हैं: भारी-भरकम घोषणाओं के बजाय ठोस निर्णयों पर ध्यान. जलवायु प्रभाव ‘अल नीन्यो’ के शक्तिशाली होने और चरम मौसम घटनाओं के बढ़ने की आशंकाओं के बीच वार्ताकारों पर, स्वच्छ ऊर्जा, वित्तीय संसाधनों और समुदायों की रक्षा जैसे मुद्दों पर कठिन सवालों के जवाब ढूंढने का दायित्व है. कॉप31 में आज:यूएन के वार्षिक जलवायु सम्मेलन का उदघाटन: 90 हज़ार से अधिक लोगों के अन्ताल्या पहुँचने का अनुमान है. जलवायु वादों को साकार करने के लिए दबाव बढ़ रहा है. इस वार्ता का समापन शुक्रवार, 20 नवम्बर को होगा.ऑस्ट्रेलिया, जल् समझौते के पक्ष में: सदस्य देशों से आग्रह किया गया है कि अन्तिम दिनों तक प्रतीक्षा करने के बजाय, शुरुआत से ही एक राजनैतिक सहमति को आकार दिया जाना होगा. वित्तीय संसाधनों का प्रबन्ध: यह एक बड़ी अड़चन वाला विषय है. विकासशील देश की मांग है कि, जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए धनराशि व समर्थन को जल्द मुहैया कराया जाना होगा. वहीं, स्वच्छ ऊर्जा, बदलती जलवायु के अनुरूप ढलने के लिए अनुकूलन प्रयास और ऊर्जा स्रोतों में न्यायसंगत बदलाव भी एजेंडा पर हैं. जलवायु परिवर्तन के मानवीय प्रभाव: भोजन, कृषि व स्वास्थ्य दिवस पर बढ़ते जोखिमों के आकलन और व्यावहारिक समाधानों पर ध्यान.तुर्कीये के अन्ताल्या शहर के लिए, इतिहास अजनबी नहीं है. ग्रीक, रोमन, बिज़ेन्टाइन और ओट्टोमन साम्राज्यों ने तुर्कीये के दक्षिणी तट पर अपने निशान छोड़े हैं. अब यहाँ कॉप31 सम्मेलन के लिए जुट रहे प्रतिनिधियों के समक्ष भी यही सवाल है कि क्या वे इस इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ सकते हैं या नहीं: दशकों के जलवायु वादों को कार्रवाई में तब्दील करना.विशाल सम्मेलन केन्द्र में मची चहल-पहल से इतर, बहुत कुछ दाँव पर लगा हुआ है. दुनिया भर में, चरम मौसम घटनाओं के बढ़ते प्रभावों के बीच, सरकारों पर यह दर्शाने का दबाव बढ़ रहा है कि जलवायु संकल्पों को नतीजों में किस तरह से बदला जाए. जलवायु परिवर्तन मामलों पर यूएन संस्था (UNFCCC) के प्रमुख साइमन स्टील ने सोमवार को आरम्भिक सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रगति न तो आवश्यक गति के नज़दीक है और न ही यह न्यायसंगत है.उन्होंने देशों से केवल लक्ष्य निर्धारित करने के बजाय, समाधानों को ऊर्जा देने का आग्रह किया, जिनसे ज़मीनी वास्तविकता को बदला जा सकता है. “कोई भी कॉप ‘सिल्वर बुलेट’ नहीं है. किसी एकमात्र सम्मेलन से विज्ञान और वास्तविकता के बीच की खाई को पाटा नहीं जा सकता है.” UN Climate Change/Kiara Worth इस वर्ष, तुर्कीये के भूमध्यसागरीय तट पर बसा अन्ताल्या शहर कॉप31 सम्मेलन का मेज़बान है. जलवायु वार्ताकारों की परीक्षातुर्कीये के पर्यावरण मंत्री मूरत कुरुम ने सुबह आधिकारिक रूप से कॉप31 सम्मेलन के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार सम्भाला. वहीं, जलवायु परिवर्तन एवं ऊर्जा मामलों के लिए ऑस्ट्रेलियाई मंत्री क्रिस बोवेन, सह-अध्यक्ष के तौर पर वार्ता पर नज़र रखेंगे. सह-अध्यक्षता की इस व्यवस्था पर कॉप30 सम्मेलन के दौरान सहमति बनी थी.पर्यावरण मंत्री कुरुम ने प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि, “हमारे निर्णय किसी शहर के बुनियादी ढाँचे में, किसी किसान की ज़मीन पर और किसी कारखाने की उत्पादन प्रक्रिया में साकार होते दिखने चाहिए. परिवारों को ऊर्जा बिलों में कमी के रूप में इनका प्रभाव महसूस होना चाहिए.”आस्ट्रेलियाई मंत्री बोवेन ने सम्मेलन के दौरान कॉप31 अध्यक्ष की अगुवाई में निर्णय विकसित करने की योजना की घोषणा की, जिसके लिए सम्मेलन के अन्तिम दिनों तक प्रतीक्षा नहीं की जाएगी. इसका उद्देश्य जलवायु कार्रवाई में तेज़ी लाने के लिए व्यावहारिक उपायों पर सहमति बनाना है, हालाँकि इस बात पर मतभेद अभी भी बने हुए हैं कि इस निर्णय के परिणाम कितने महत्वाकांक्षी होने चाहिए.वित्तीय संसाधनों का प्रबन्धन सबसे कठिन मुद्दों में से एक रहने की अपेक्षा है. विकासशील देश जलवायु परिवर्तन के अनुकूलन और स्वच्छ विकास के लिए वित्तीय सहायता तक शीघ्र पहुँच की मांग कर रहे हैं. वार्ताकारों को ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कटौती और न्यायसंगत परिवर्तन से जुड़े समझौतों को भी आगे बढ़ाना होगा.स्वास्थ्य के लिए आपात स्थितिकॉप31 सम्मेलन के उदघाटन दिवस पर सोमवार को खाद्य, कृषि एवं स्वास्थ्य दिवस भी मनाया गया, जिसमें मानव स्वास्थ्य पर जलवायु परिवर्तन के बढ़ते दुष्प्रभावों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया.विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, 3.3 से 3.6 अरब लोग ऐसे क्षेत्रों में रहते हैं, जो जलवायु परिवर्तन के प्रति अत्यधिक सम्वेदनशील हैं. भीषण गर्मी, बाढ़ और बदलता मौसम पहले से ही दुनिया भर में लोगों के जीवन को ख़तरे में डाल रहा है और स्वास्थ्य प्रणालियों पर दबाव बढ़ रहा है.यूएन मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की एक प्रैस वार्ता के दौरान ‘वैलकम ट्रस्ट फ़ाउंडेशन’ के एलन डांगौर ने जलवायु वार्ताकारों से अपने निर्णयों के केन्द्र में लोगों को रखने का आग्रह किया. “इस पूरी कहानी के केन्द्र में मुख्य पात्र वायुमंडल नहीं है. यह ज़मीन, महासागर या बर्फ़ भी नहीं है. यह हम हैं. आप और मैं, हमारा परिवार और हमारे समुदाय.”“हम स्वयं को ऐसे भविष्य के अनुकूल नहीं ढाल सकते, जिसमें जलवायु परिवर्तन को रोकने के लिए पर्याप्त क़दम न उठाए गए हों.”भीषण गर्मी इसका एक चिन्ताजनक उदाहरण है. समय से पहले प्रसव और मृत शिशु के जन्म से इसके सम्बन्ध पर चिन्ता लगातार बढ़ रही है. वहीं, खुले में काम करने वाले श्रमिकों, बच्चों और बुज़ुर्गों को विशेष रूप से जोखिम का सामना करना पड़ता है.WMO की जॉय शूमेक-गिलेमो ने यूएन न्यूज़ को बताया कि मौसम वैज्ञानिक और स्वास्थ्य विशेषज्ञ इन जोखिमों को कम करने के लिए एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं.यूएन एजेंसी के साथ एक संयुक्त पहल के माध्यम से जलवायु सम्बन्धी सूचनाओं को सार्वजनिक स्वास्थ्य की योजना बनाने में शामिल किया जा रहा है. उदाहरण के लिए, अत्यधिक ख़तरनाक तापमान का पूर्वानुमान अस्पतालों को अधिक मरीज़ों के लिए तैयार रहने में मदद कर सकता है. वहीं, वर्षा और मौसमी पूर्वानुमान स्वास्थ्य अधिकारियों को मलेरिया जैसी बीमारियों के प्रकोप का पहले से अनुमान लगाने में सहायता कर सकते हैं.उन्होंने कहा कि मौसम सम्बन्धी जानकारी बेहद व्यावहारिक है. यह स्वास्थ्य क्षेत्र में लिए जा रहे निर्णयों से सीधे तौर पर जुड़ी हुई है, लेकिन अक्सर इस क्षेत्र के लोगों के पास इस जानकारी तक पहुँच नहीं होती.”इसकी सम्भावनाएँ बहुत व्यापक हैं. जॉय शूमेक-गिलेमो ने कहा कि, “सार्वजनिक स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से देखें तो गर्मी के कारण होने वाली लगभग सभी मौतों को वास्तव में रोका जा सकता है.”स्वास्थ्य, कॉप31 की कार्यसूची के 10 प्राथमिकता वाले विषयों में से एक है. देशों से कॉप30 सम्मेलन के दौरान तय हुई स्वास्थ्य कार्ययोजना को व्यवहार में लागू करने का आग्रह किया जा रहा है. इसके साथ ही, स्वास्थ्य के क्षेत्र में सहनसक्षमता बढ़ाने के लिए एक नई अन्ताल्या पहल भी शुरू की जा रही है. कृषि: उत्सर्जन से समाधान की ओरखाद्य और कृषि क्षेत्र, वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के लगभग एक-तिहाई हिस्से के लिए ज़िम्मेदार हैं. लेकिन यह क्षेत्र जलवायु परिवर्तन के प्रति अत्यधिक सम्वेदनशील भी है, चूँकि बढ़ते तापमान, सूखा और बाढ़ की घटनाओं से फ़सलों और लाखों किसानों की आजीविका के लिए ख़तरा पैदा होते हैं.हालांकि, कृषि समाधान का हिस्सा भी बन सकती है. ‘विश्व ग्रामीण फ़ोरम’ के क्रिस्टियान बारासुएटा ने यूएन न्यूज़ को बताया कि किसान पहले से ही इनमें से कुछ उपायों को व्यवहार में अपना रहे हैं.उदाहरण के लिए, फ़िजी में परिवार फ़सलों की विभिन्न क़िस्मों के साथ प्रयोग कर रहे हैं और शक्तिशाली होते जा रहे चक्रवाती तूफ़ानों से अपने छोटे-छोटे नए पौधों (seedlings) को सुरक्षित रखने के तरीक़े तलाश रहे हैं.कॉप31 में किसानों की भूमिका पर भी चर्चा हो रही है. यहाँ देश मिस्र के शर्म अल-शेख़ में हुए सम्मेलन के दौरान स्थापित कृषि एवं खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम (COP27) की समीक्षा कर रहे हैं और आगे की दिशा को तय कर रहे हैं.सबसे बड़ी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि पारिवारिक किसान जलवायु नीतियों के निर्धारण में अपनी बात रख सकें और जलवायु परिवर्तन के अनुरूप ढलने के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता तक उनकी पहुँच हो.उन्होंने बताया कि फ़िलहाल जटिल प्रक्रियाओं और कई मध्यस्थों की मौजूदगी के कारण अन्तरराष्ट्रीय जलवायु वित्त पोषण तक पहुँचना कठिन हो जाता है. यह समस्या विशेष रूप से छोटे किसान संगठनों के लिए अधिक गम्भीर है.इसका असर, बोलीविया में पहले ही दिखाई दे रहा है, जहाँ भीषण सूखे के कारण सरकार को राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करना पड़ा है. आधिकारिक आँकड़ों के अनुसार, 75 हज़ार से अधिक पशुओं की मौत हो चुकी है और 1.14 लाख से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं.आने वाले महीनों में ‘अल नीन्यो’ जलवायु प्रभाव के और गहन होने की आशंका के बीच, क्रिस्टियान बारासुएटा ने चेतावनी दी है कि किसानों को सहायता अभी चाहिए, न कि वर्षों की योजनाएँ बनाने और काग़ज़ी कार्रवाई पूरी होने के बाद.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement