-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:56 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

विस्थापन के साथ जलवायु संकट की पीड़ा, 9 करोड़ लोगों पर मंडराते जोखिम

Source: UN News: सोमवार, 09 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
विस्थापन के साथ जलवायु संकट की पीड़ा, 9 करोड़ लोगों पर मंडराते जोखिम
कोई व्यक्ति या समुदाय किसी बाढ़, भीषण गर्मी, सूखे या तूफ़ान जैसी आपदाओं का सामना किस तरह से करता है, यह इस बात पर निर्भर है कि वह कौन है और कहाँ रह रहा है. इस स्थिति में अपने घरों से विस्थापित हुए लोगों के लिए अपने जीवन को पटरी पर लाना तब और कठिन हो जाता है, जब उन्हें जलवायु परिवर्तन से भी जूझना पड़े. एक अनुमान के अनुसार, लगभग नौ करोड़ शरणार्थी ऐसे देशों में रह रहे हैं, जहाँ ऐसी आपदाओं का विशाल ख़तरा है. यूएन शरणार्थी संगठन (UNHCR) ने ध्यान दिलाया है कि हिंसक टकराव, उत्पीड़न, युद्ध से जान बचाने के इरादे से लोग अपना घर छोड़कर अक्सर सीमित संसाधनों व अवसरों वाले देशों में शरण लेते हैं, और अब उन्हें जलवायु संकट के दुष्प्रभावों से भी जूझना पड़ रहा है.इसके मद्देनज़र, यूएन एजेंसी ने तुर्कीये के अन्ताल्या शहर में यूएन के वार्षिक जलवायु सम्मेलन (कॉप31) से पहले प्रकाशित अपनी एक नई रिपोर्ट में लाखों शरणार्थियों व जबरन विस्थापितों के लिए बचाव उपायों का आग्रह किया है.UNHCR में अभियान संचालन के लिए सहायक उच्चायुक्त ऐन्टोन लिस गार्सिया ने बताया कि शरणार्थियों को दोहरे अन्याय का सामना करना पड़ता है. “वे ऐसे हिंसक टकरावों से भागने के लिए मजबूर हुए, जो उनकी वजह से नहीं हुए थे. और अब वे जलवायु संकट के अग्रिम मोर्चे पर हैं, जिसमें उनका योगदान सबसे कम है.”उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण आश्रय स्थल तबाह हो रहे हैं, आजीविकाओं के लिए ख़तरा है और अपने जीवन को फिर से पटरी पर लाने के लिए लोगों की आशाएँ धूमिल हो रही हैं. © IOM/Hanifah Abdikadir Ali सोमालिया के बैदोआ में एक अस्थाई शिविर में विस्थापित परिवार बाढ़ के खतरे के साथ जी रहा है. अहम निष्कर्ष:विश्व भर में, हर चार में से तीन जबरन विस्थापित, क़रीब 9 करोड़ लोग, ऐसे देशों में रह रहे हैं, जहाँ जलवायु सम्बन्धी जोखिमों (सूखा, बाढ़, आग, भीषण गर्मी) का ख़तरा अधिक है.अपने घर लौटने वाले हर तीन में से दो शरणार्थी, ऐसे देशों में वापिस आए हैं, जो जलवायु जोखिमों के प्रति विशेष रूप से सम्वेदनशील हैं. सीरिया वापिस लौटे 40 लाख विस्थापितों के लिए, भूगर्भ जल का गिरता स्तर एक बड़ी चुनौती है. वहीं, मई 2026 में बाढ़ की वजह से घर क्षतिग्रस्त हुए और हज़ारों लोग फिर विस्थापित हुए.2050 तक, सब-सहारा अफ़्रीका में हर तीन में से एक शरणार्थी शिविर, हर वर्ष कम से कम 100 दिनों तक ख़तरनाक गर्मी की चपेट में आ सकता है.मौसम सम्बन्धी आपदाओं की वजह से, विश्व भर में बीते एक दशक में 25 करोड़ से अधिक विस्थापन मामले दर्ज किए गए हैं, यानि हर दिन 70 हज़ार.शक्तिशाली जलवायु प्रभाव अल नीन्यो के कारण बाढ़ से इस वर्ष के अन्त तक, सोमालिया, केनया, दक्षिण सूडान और युगांडा में 30 लाख लोग विस्थापन का शिकार हो सकते हैं.विश्व में 47 लाख लोग राष्ट्रविहीन (किसी देश की नागरिकता नहीं) हैं, जिनमें से 90 फ़ीसदी ऐसे देशों में रह रहे हैं, जोकि चरम जलवायु जोखिमों की चपेट में है. उनक लिए आपदा राहत व समर्थन को पाना कठिन है. ©UNICEF /Aymen Alfadil सूडान में भारी बारिश और अचानक बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हुए. (फ़ाइल) UNHCR के सहायता प्रयासहिंसक संघर्ष और अस्थिरता से प्रभावित देशों को वैश्विक जलवायु वित्तीय संसाधनों का केवल लगभग 10 प्रतिशत ही प्राप्त होता है, जबकि इनमें से कई देशों में बड़ी संख्या में शरणार्थी और विस्थापित लोग रहते हैं.UNHCR ने बताया है कि कॉप 31 सम्मेलन के दौरान सरकारों और जलवायु वित्त संस्थानों से यह अपील की जाएगी कि विस्थापित लोगों को राष्ट्रीय जलवायु योजनाओं का हिस्सा बनाया जाए.यूएन कार्यालय, देशों की सरकारों, विकास साझेदारों और निजी क्षेत्र के साथ मिलकर ऐसे समाधानों को प्रोत्साहन दे रहा है, जिनसे समुदायों की जलवायु परिवर्तन के अनुरूप ढलने की क्षमता बढ़े और वे आत्मनिर्भर भी बन सकें.शरणार्थी और उनके मेज़बान समुदाय पहले से ही जलवायु सम्बन्धी चुनौतियों से निपटने के लिए नवाचारी उपाय अपना रहे हैं, जिनमें अफ़्रीका के सहेल क्षेत्र में सौर ऊर्जा से संचालित जल प्रणालियाँ, युगांडा में जलवायु-अनुकूल कृषि और कोलम्बिया में भूमि व मैन्ग्रोव वनों को फिर से बहाल करना है.इसके अलावा, बदलती जलवायु के अनुसार ढलने के लिए अनुकूलन प्रयासों में और अधिक निवेश किया जाना होगा. यह विशेष रूप से उन क्षेत्रों में अहम है, जहाँ शरणार्थी फिर अपने घर वापिस लौट रहे हैं, ताकि वे समाज में फिर से शामिल हो सकें और उनकी सुरक्षित व सतत वापसी भी सम्भव हो.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement