-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:51 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

म्याँमार: स्कूलों व स्वास्थ्य केन्द्रों पर हमलों में बच्चों के हताहत होने पर क्षोभ

Source: UN News: शुक्रवार, 06 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
म्याँमार: स्कूलों व स्वास्थ्य केन्द्रों पर हमलों में बच्चों के हताहत होने पर क्षोभ
संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) ने म्याँमार में एक स्कूल पर हुए हवाई हमले में तीन बच्चों के मारे जाने और पाँच बच्चों के घायल होने पर गहरी चिन्ता जताई है. अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, यह हमला 31 अक्टूबर को कायाह प्रान्त में लॉइकॉ टाउनशिप में एक स्कूल पर हुआ, जहाँ विस्थापित बच्चों व उनके परिवारों को सेवाएँ मुहैया कराई जा रहीं थी.बीते सप्ताहांत राख़ीन प्रान्त में अन्य हवाई हमलों के बारे में भी ख़बरें हैं. एक अस्थाई स्वास्थ्य देखभाल केन्द्र के इसकी चपेट में आने से एक नवजात शिशु और स्वास्थय् देखभालकर्मियों की जान गई है.संयुक्त राष्ट्र बाल कोष ने क्षोभ व्यक्त किया है कि हिंसक टकराव व अस्थिरता से जूझ रहे म्याँमामार में बच्चे, मौजूदा हालात का ख़ामियाज़ा भुगत रहे हैं. “वे स्कूलों और स्वास्थ्य देखभाल केन्द्रों समेत उन स्थलों पर मारे जा रहे हैं और घायल हो रहे हैं, जहाँ उन्हें सुरक्षित व सलामत महसूस करना चाहिए.”यूनीसेफ़ ने सभी युद्धरत पक्षों से अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून के तहत अपने तयशुदा दायित्वों का निर्वहन करने और बच्चों की रक्षा के लिए हर आवश्यक क़दम उठाने का आग्रह किया है. “स्कूलों, स्वास्थ्य देखभाल केन्द्रों और अन्य नागरिक प्रतिष्ठानों की हर हाल में रक्षा की जानी होगी, जिन पर बच्चे और उनके परिवार निर्भर हैं.”म्याँमार में यूनीसेफ़ प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों के साथ मिलकर, ज़रूरतों का आकलन करने और उनके अनुरूप समर्थन मुहैया कराने में जुटा है.अस्थिरता भरे हालातम्याँमार की सेना ने फ़रवरी 2021 में लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार को सत्ता से बेदख़ल करते हुए तत्कालीन राष्ट्रपति विन म्यिन्त और स्टेट काउंसलर आंग सान सू ची समेत अन्य शीर्ष नेताओं व अधिकारियों को गिरफ़्तार कर लिया था. इसके बाद, देश भर में विरोध प्रदर्शन भड़क उठे थे और अनेक हिस्सों में हथियारबन्द प्रतिरोधी आन्दोलनों ने भी उभार लिया, जिनका अभी देश के बड़े हिस्सों पर नियंत्रण है.हाल ही में जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, फ़रवरी 2021 से 15 सितम्बर 2026 के दौरान, सैन्य बलों की कार्रवाई में कम से कम 8,384 आम नागरिकों की जान गई है.हिंसक टकराव के अलावा, म्याँमार आर्थिक अस्थिरता, भूकम्प समेत अन्य आपदाओं से भी जूझ रहा है. यूएन विकास कार्यक्रम की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, म्याँमार में लोग स्वास्थ्य, स्कूली शिक्षा और अच्छे रहन-सहन समेत कई अन्य मूलभूत आवश्यकताओं के अभाव में हैं. देश की लगभग 68 प्रतिशत आबादी, यानि 3.7 करोड़ लोग दैनिक जीवन के अनेक मोर्चों पर या तो निर्धनता में जीवन ग़ुज़ार रहे हैं या उन पर इसमें धँस जाने का जोखिम है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement