विश्व नेताओं से शान्ति स्थापना में निवेश करने का आग्रह
Source: UN News: बुधवार, 23 सितम्बर 2026 00:00 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने विश्व नेताओं व आम नागरिकों का आहवान किया है कि बढ़ते टकरावों, हिंसा और और दरारों से जूझ रही दुनिया में, शान्ति स्थापना के लिए और अधिक निवेश किया जाना होगा.
यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने सोमवार को ‘अन्तरराष्ट्रीय शान्ति दिवस’ के अवसर पर कहा कि शान्ति की प्राप्ति, कोई स्वत: हो जाने वाली बात नहीं है, बल्कि यह एक बेहतर भविष्य में निवेश के लिए साझा व निर्णायक चयन है.इस वर्ष, अन्तरराष्ट्रीय दिवस की थीम शान्ति में निवेश पर केन्द्रित है, जोकि यूएन के संस्थापक सिद्धान्तों को परिलक्षित करता है, जिन्हें दूसरे विश्व युद्ध से हुई तबाही के साए में तय किया गया था. महासचिव गुटेरेश ने न्यूयॉर्क में यूएन महासभा के 81वें सत्र में हिस्सा लेने के लिए जुट रहे नेताओं से आग्रह किया कि कूटनीति, संवाद, मध्यस्थता और शान्तिरक्षा प्रयासों को मज़बूती दी जानी होगी, जोकि हिंसक टकरावों की रोकथाम करने और उन्हें सुलझाने के लिए आवश्यक उपाय हैं.मगर, उन्होंने सचेत किया कि मानव विकास के लिए एक अहम संसाधन होने के बावजूद, विश्व के अनेक हिस्सों में शान्ति नदारद है और हिंसक टकरावों की जटिलता व स्तर बढ़ता जा रहा है.विश्व भर में अनेक समाजों को हिंसा व दरारों का सामना करना पड़ रहा है, और हिंसक टकरावों की आँच राष्ट्रीय सीमाओं से परे जाकर भी महसूस की जा रही है.यूएन प्रमुख ने आगाह किया कि समाधानों को ढूँढना चुनौतीपूर्ण रहा है और अन्तरराष्ट्रीय एकजुटता कमज़ोर होती जा रही है. इसके मद्देनज़र, उन्होंने समावेशी समाजों, सतत विकास और मानवाधिकारों के प्रति सम्मान के ज़रिए स्थाई शान्ति स्थापना पर बल दिया.
संवाद व एकजुटताउन्होंने कहा कि दुनिया भर में युवजन दर्शा रहे हैं कि वे शक्तिहीन नहीं हैं. “स्वैच्छिक कार्यकर्ता, पैरोकार, नागरिक समाज नेता, शान्तिरक्षक और शान्तिनिर्माता दरारों को पाट रहे हैं, समुदायों को एकजुट कर रहे हैं और संवाद के लिए प्रयासों में जुटे हैं.”ज़मीनी स्तर पर इन प्रयासों ने दर्शाया है कि शान्ति तभी हासिल की जा सकती है, जब एक बेहतर भविष्य में निवेश के लिए सुनियोजित ढंग से निर्णय लिए जाएं.193 सदस्य देशों ने अपने अधिदेश (mandate) के ज़रिए, संयुक्त राष्ट्र को हिंसक टकराव की रोकथाम करने, उन्हें सुलझाने व संघर्ष से उबरने में मदद का दायित्व सौंपा है.संयुक्त राष्ट्र ने अपनी स्थापना के बाद से ही कूटनीति से लेकर शान्तिरक्षा मिशन और शान्ति हासिल करने के लिए प्रोत्साहन प्रयास किए हैं. 1948 के बाद से अब तक, यूएन सुरक्षा परिषद ने विश्व भर में 70 मिशनों की तैनाती की है. फ़िलहाल, 11 शान्तिरक्षा मिशन संचालित व सक्रिय हैं.