वेनेज़ुएला भूकम्प: मृतक संख्या 1,700 के पार, संयुक्त राष्ट्र ने राहत सहायता बढ़ाई
Source: UN News: शनिवार, 04 जुलाई 2026 00:00 AM (IST)
मध्य-उत्तरी वेनेज़ुएला में शक्तिशाली भूकम्प आने के पाँच दिन बाद भी मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है और व्यापक बचाव अभियान जारी है. संयुक्त राष्ट्र, मानवीय सहायता के समन्वय में जुटा है और उसने चेतावनी दी है कि हालात सामान्य होने में समय लगेगा.
वेनेज़ुएला के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि 24 जून को आए भूकम्पों में कम से कम 1,719 लोगों की मौत हुई है और लगभग 5,000 लोग घायल हुए हैं. साथ ही, लगभग 12,000 लोग विस्थापित हुए हैं, जबकि लापता लोगों की संख्या की अभी पुष्टि नहीं हुई है.मलबे से अब भी जीवित मिल रहे लोगवेनेज़ुएला में संयुक्त राष्ट्र के रैज़िडेंट और मानवीय समन्वयक जियानलुका रामपोला ने न्यूयॉर्क में पत्रकारों को बताया कि रविवार को सात लोगों को मलबे से जीवित निकाला गया.उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र और वेनेज़ुएला के अधिकारियों ने शवों के लिए 10,000 थैले (body bags) ख़रीदने पर सहमति जताई है.भूकम्पों से सात राज्य प्रभावित हुए हैं, लेकिन हताहतों की सबसे अधिक संख्या ला गुएरा राज्य और कराकस के राजधानी ज़िले में रही है. लगभग 2,500 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें से कई पूरी तरह ढह गई हैं.प्रभावित क्षेत्रों में हालात अब भी ख़तरनाक बने हुए हैं. शुरुआती भूकम्पों के बाद से लगभग 500 भूकम्प-पश्चात झटके दर्ज किए गए हैं, जिनमें सोमवार सुबह आया 5.2 तीव्रता का झटका भी शामिल है. इस बीच, एक उष्णकटिबन्धीय मौसमी प्रणाली के कारण प्रभावित इलाक़ों में भारी बारिश का ख़तरा भी बना हुआ है.जियानलुका रामपोला ने कहा, “हम लगातार बेहद जोखिम भरे हालात में काम कर रहे हैं.”2,000 से अधिक बचावकर्मी तैनात27 देशों के 2,000 से अधिक बचावकर्मी और 160 से अधिक खोजी कुत्ते 40 से ज़्यादा दलों के साथ प्रभावित इलाक़ों में तैनात हैं.आमतौर पर खोज एवं बचाव अभियान पहले 72 घंटों तक सबसे अधिक सक्रिय रहते हैं. मगर मलबे के नीचे से जीवन के संकेत मिलने और इस अवधि के बाद भी लोगों के जीवित पाए जाने के कारण अभियान जारी है.जियानलुका रामपोला ने कहा, “खोज एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ हम सरकार की मदद से आपात स्वास्थ्य सेवाएँ, आश्रय, खाद्य सहायता, जल एवं स्वच्छता और परिवहन सम्बन्धी सहयोग उपलब्ध करा रहे हैं. हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि देश में पहुँच रही राहत सामग्री का सुरक्षित भंडारण और ज़रूरतमन्द लोगों तक वितरण हो.”उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र मौजूदा मानवीय सहायता योजना के अतिरिक्त एक नई आपात अपील तैयार कर रहा है.‘बस एक सहारे की ज़रूरत’संयुक्त राष्ट्र ला गुएरा में अपने घर-बार खो चुके परिवारों के लिए तीन सहायता केन्द्र तैयार कर रहा है. यहाँ चिकित्सा देखभाल, भोजन, पानी, साफ़-सफ़ाई, संरक्षण और मनोसामाजिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.वेनेज़ुएला में यूएन मानवीय सहायता समन्वय कार्यालय (OCHA) की प्रमुख वैनेसा मे ने यूएन न्यूज़ को बताया कि अनेक लोगों के जीवन की स्थिरता पूरी तरह छिन गई है.उन्होंने कहा, “अपने घर से अचानक किसी आश्रय स्थल या अस्थाई आवास में रहना आसान नहीं है.”वैनेसा मे ने ज़ोर दिया कि भावनात्मक सहारा भी भोजन, पानी और चिकित्सा देखभाल जितना ही ज़रूरी है.उन्होंने कहा, “कुछ लोगों को गले लगाकर सहारा देने की ज़रूरत है.” उन्होंने उन परिवारों का उल्लेख किया, जो अपने प्रियजनों की जानकारी का इन्तज़ार कर रहे हैं, और उन लोगों का भी, जिन्हें मालूम है कि उनके परिजन अब भी मलबे के नीचे दबे हैं.‘इसमें समय लगेगा’खोज अभियान पूरा होने के बाद संयुक्त राष्ट्र और उसके साझीदार प्रभावित लोगों की ज़रूरतों का त्वरित आकलन करेंगे. इसमें बुज़ुर्गों और विकलांगजन की आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.इसके बाद मलबा हटाने और शुरुआती पुनर्बहाली का काम शुरू होगा. स्कूलों और अस्पतालों को हुई क्षति पर ख़ास ध्यान दिया जाएगा.वैनेसा मे ने कहा कि पुनर्निर्माण के दौरान अधिकारियों के साथ मिलकर यह तय करना होगा कि विस्थापित परिवारों को कहाँ दोबारा बसाया जा सकता है. किसी भी पुनर्वास से पहले मिट्टी की जाँच भी करनी होगी.उन्होंने कहा, “इसमें समय लगेगा.”वैनेसा मे के अनुसार, वेनेज़ुएला में 2019 से स्थापित मानवीय सहायता व्यवस्था के कारण संयुक्त राष्ट्र तेज़ी से कार्रवाई कर पाया. इस व्यवस्था के तहत यूएन एजेंसियाँ, राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय ग़ैर-सरकारी संगठन, रेड क्रॉस और अन्य साझीदार मिलकर काम करते हैं.बड़ी संख्या में लोगों और संगठनों के अचानक प्रभावित इलाक़ों में पहुँचने तथा जनसहयोग से मिल रही राहत सामग्री के समन्वय और वितरण की व्यवस्था एक बड़ी चुनौती रही है.वैनेसा मे ने कहा, “यह एकजुटता बनी रहनी चाहिए.” उन्होंने अपील की कि आपदा के शुरुआती सप्ताहों के बाद भी वेनेज़ुएला को सहायता और समर्थन मिलता रहे.